श्रावण-भादौ में बदलेगा स्कूलों का शेड्यूल रविवार को लगेंगे, सोमवार को रहेगी छुट्टी

बाबा महाकाल की सवारी को लेकर प्रशासन का फैसला, आदेश भी जारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्रावण-भादौ मास में निकलने वाली भगवान महाकाल की सवारी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। 14 जुलाई से 11 अगस्त तक शहर के सभी निजी और सरकारी स्कूल रविवार को खुलेंगे और सोमवार को इनमें अवकाश रहेगा। सोमवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया जिसे स्कूलों में भेज दिया गया है। दरअसल, यह व्यवस्था भगवान महाकाल की सवारी के कारण होने वाले ट्रैफिक और भीड़ को देखते हुए लागू की गई है। प्रशासन के अनुसार सवारी के दिन सोमवार को शहर की प्रमुख सडक़ों पर मार्ग परिवर्तित कर दिए जाते हैं जिससे स्कूल बसों और बच्चों को परेशानी होती है। इससे बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है।
कहां लागू होगा निर्णय
यह आदेश उज्जैन नगर निगम क्षेत्र के सभी शासकीय और निजी स्कूलों पर लागू होगा। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने इसके आदेश सोमवार को जारी कर दिए और इसे स्कूलों को भेज भी दिया गया है।
यह रहेगा सवारी मार्ग
सवारी श्री महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट पहुंचेगी जहां भगवान महाकाल का पूजन एवं अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सवारी रामानुजकोट, कार्तिकचौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार होते हुए पुन: मंदिर लौटेगी।
कौन-कौन से दिन बदलेंगे स्कूल के अवकाश
भगवान महाकाल की सवारी के दिन 14, 21, 28 जुलाई और 4 एवं 11 अगस्त को स्कूलों की छुट्टी रहेगी, जबकि १३, २०, २७ जुलाई और ३ एवं १० अगस्त को रविवार को स्कूल अपने निर्धारित समय पर संचालित होंगे।









