स्वीमिंग पूल का संचालन निगम खुद करेगा

टेंडर खुला लेकिन प्रोसेस में देरी पर महापौर ने जताई नाराजी, रविवार से चालू होगा पूल, अगले ही दिन छुट्टी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:गर्मी से राहत दिलाने और स्वीमिंग के शौकीनों के लिए नगर निगम का स्वीमिंग पूल खुलना इस बार खटाई में पड़ गया था, लेकिन महापौर मुकेश टटवाल ने नाराजी जताई और निगम द्वारा खुद संचालन के लिए दबाव बनाया, तब कहीं आने वाले रविवार (28 अप्रैल) से पूल शुरू करने का निर्णय हो सका। बिना ठेका दिए ही निगम अब इसका संचालन करेगा।

गर्मी के मौसम में लोग स्विमिंग पूल में तैराकी खूब करते हैं, लेकिन निगम का पूल अप्रैल महीना पूरा निकलने के बाद भी चालू नहीं हो सका है। निगम प्रशासन ने 28 अप्रैल से इसे शुरू करने का निर्णय लिया है, लेकिन अंदर की कहानी यह है कि निगम प्रशासन इसे शुरू नहीं करना चाहता था। दरअसल, इसका ठेका देने की तैयारी निगम प्रशासन द्वारा की जा रही है। इसके लिए टेंडर निकाला जा चुका है लेकिन अब तक उसकी फाइनेंशियल बीड खोली नहीं जा सकी है।
इस कारण ठेका अधर में पड़ा हुआ है। ठेका लेने के लिए तीन चार ठेकेदार कतार में हैं, परंतु अभी तक यह तय नहीं हो सका है कि तकनीकी और आर्थिक आधार पर यह किसे दिया जाए। इसी कारण निगम पूल भी चालू नहीं कर पा रहा था। सूत्रों के अनुसार ठेका देने की कवायद तो कई दिनों से चल रही लेकिन इसकी प्रक्रिया इतनी सुस्त गति से चल रही कि अब तक ठेका ही तय नहीं हो सका।
महापौर ने कहा निगम खुद चलाए पूल…सूत्रों के अनुसार निगम के अधिकारी अभी पूल को चालू करने के पक्ष में नहीं थे। इसी कारण ठेका देने की प्रोसेस भी फाइलों में दबी पड़ी है। महापौर टटवाल ने कुछ दिन पहले निगम आयुक्त से बात की और कहा अगर हम किसी को ठेका नहीं दे पा रहे तो कम से कम निगम खुद ही इसको ऑपरेट करे। इससे लोग गर्मी में तैराकी का आनंद तो ले सकेंगे। महापौर के प्रयास कामयाब हुए और निगम प्रशासन ने तय किया कि ठेका होने तक निगम खुद इसका संचालन करेगा।
रविवार से खुलेगा
आगर रोड स्थित निगम मुख्यालय परिसर में स्वीमिंग पूल रविवार से शुरू होगा। सुबह 6 बजे से पहली शिफ्ट शुरू होगी, जो सुबह 9.45 तक रहेगी। शाम को चार बजे से 7.45 बजे तक यह खुलेगा। एक माह का पंजीयन शुल्क 1180 रुपए रखा है। गुरुवार से बुकिंग शुरू कर दी गई है।
पूल पहुंचने पर इसके लिए फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसको भरने पर बुकिंग हो सकेगी। निगम के उपयंत्री आदित्य शर्मा ने बताया पूल सुबह 6 बजे से खुलेगा और शाम 7.45 तक रहेगा। एक दिन में कुल दस शिफ्ट होंगी, जिनमें महिलाओं के लिए केवल दो शिफ्ट होगी। एक सुबह और एक शाम को। फेमिली के लिए शाम को केवल एक शिफ्ट ही तय की गई है।
सुबह की शिफ्ट
6 से 6.45 तक पुरुष के लिए
6.45 से 7.30 तक पुरुष के लिए
7.30 से 8.15 तक महिलाओं के लिए
8.15 से से 9 बजे तक पुरुष के लिए
9 से 9.45 तक पुरुषों के लिए
शाम की शिफ्ट
सुबह 4 से 4.45 तक पुरुष के लिए
4.45 से 5.30 तक पुरुष के लिए
5.30 से 6.15 तक पुरुषों के लिए
6.15 से 7 बजे तक महिलाओं के लिए
7 से 7.45 तक फेमिली के लिए








