महाकाल की शरण में टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर

उज्जैन। इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जनवरी को इंदौर में होने जा रहे सीरीज डिसाइडर मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और बैटिंग कोच शीतांशु कोटक ने भगवान महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई। शुक्रवार तड़के दोनों महाकाल मंदिर पहुंचे और भस्मार्ती में शामिल हुए।

इंदौर में होने वाले मैच के लिए गुरुवार को ही टीम इंडिया इंदौर पहुंची है। इसी बीच समय निकालकर कोच गंभीर और कोटक तड़के 4 बजे मंदिर पहुंचे। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक चलने वाली भस्मार्ती के दर्शन किए। उन्होंने टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की। आरती के बाद दोनों ने मंदिर की देहरी से भगवान के दर्शन किए और नंदी महाराज का जलाभिषेक किया।
मंदिर प्रबंधन की ओर से सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिय़ा ने गौतम गंभीर और शीतांशु कोटक को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। गौतम का यह पिछले पांच महीनों में दूसरा और अब तक का चौथा दौरा है। मीडिया से गंभीर ने कहायह मेरा सौभाग्य है कि भगवान महाकाल ने मुझे दर्शन के लिए बुलाया। जब भी बुलावा आएगा, मैं फिर आऊंगा।









