वृद्धा से दुष्कर्म करने वाला बदमाश अब तक फरार…

परिजनों ने भी किया था पकडऩे का प्रयास….
उज्जैन। 60 वर्षीय वृद्धा को ऑटो में घर तक छोडऩे के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर दुष्कर्म करने वाला बदमाश अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी गई लेकिन वह नहीं मिल पाया है। बेगमबाग कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय वृद्धा को ऑटो चालक सलमान ने आटो से घर छोडऩे का झांसा दिया और बोला खाला मैं आपको जानता हूं, घर तक छोड़ दूंगा। वृद्धा उसके झांसे में आ गई तो सलमान उसे जीवनखेड़ी ब्रिज तरफ सुनसान इलाके में ले गया जहां बदमाश ने उसके साथ दुष्कर्म किया बाद में रास्ते में छोड़कर भाग गया।
वृद्धा ने घर लौटकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो परिजन सलमान को तलाश करने निकले। ऑटो स्टैंड पर पहुंचने पर वह वृद्धा के परिजनों को दिखा लेकिन वह मौके से भागने में सफल हो गया तो वृद्धा अपनी बेटी के साथ थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाने पहुंची। थाना प्रभारी अजय वर्मा का कहना है कि सलमान किराये की ऑटो चलाता है। उसकी आपराधिक प्रवृत्ति के कारण घर वालों ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था इस कारण वह आटो में ही सोता था। उसकी तलाश में पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
दरिंदगी को सजगता और सतर्कता से दीजिए जवाब…
ऑटो चालक ने एक बुजुर्ग महिला के साथ जो कृत्य किया है, उसकी जितनी भत्र्सना की जाए कम ही है। इस तरह की घटनाओं के लिए पुलिस प्रशासन को भी पूरी तरह दोषी ठहराया नहीं जा सकता, लेकिन पुलिस द्वारा ऐसे उपाय करने की कोशिश की जा सकती है कि ऐसी शर्मसार करने वाली घटना फिर ना हो। इस मामले में आम लोगों, विशेषकर महिलाओं को ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि हर वक्त, हर समय पुलिस तैनात नहीं रह सकती परन्तु महिलाओं के हाथ यह तो है कि वे ऐसी कोई चूक ही न करें, जिससे किसी वहशी को मौका मिले।
60 साल की जिस बुजुर्ग महिला को ऑटो चालक ने अपनी पशुता का शिकार बनाया, वह अगर किसी को साथ रखती तो यह नौबत नहीं आती। रावण द्वारा सीता अपहरण का यही सबक था कि सीता ने लक्ष्मण रेखा लांघ दी थी, वरना रावण पूरी ताकत लगा लेता तो भी उस रेखा को लांघ नहीं पाता। बहरहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और उसकी रिपोर्ट बताएगी कि चूक कहां और कैसे हो गई पर इतना साफ है कि अपराधों के नियंत्रण में हर व्यक्ति की अपनी भूमिका है। महिलाओं को तो किसी भी स्थिति में अंजान व्यक्ति के साथ नहीं जाना चाहिए। इस तरह की घटनाएं सजग करने का भी काम करती हैं।









