घरवालों से नाराज होकर घूमने चली गई थी बेटी, 4.30 घंटे में पुलिस ने खोज निकाला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। घरवालों से नाराज होकर घर से घूमने निकल गई बेटी को देवासगेट पुलिस ने 4.30 घंटे में खोज निकाला। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। देवासगेट थाने में फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी बुधवार शाम करीब ६.३० बजे घर से पशुपतिनाथ मंदिर की ओर जाने का कहकर निकली थी। उसे कई जगह तलाश किया लेकिन पता नहीं चला। मामले में टीआई अनिला पाराशर ने पुलिस टीम को रवाना किया।

टीम ने बालिका की संभावित लोकेशन पर कुष्ठ बस्ती, हीरामिल की चाल, मायापुरी एवं सुदामानगर क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नाबालिग कुष्ठ बस्ती में एक मकान की दीवार के पीछे खड़ी है जिसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची तो बालिका सकुशल मिली। करीब ४.३० के अंदर पुलिस ने बालिका को ढूंढ निकाला। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय या आपराधिक घटना नहीं हुई और वह घर से नाराज होकर अपनी मर्जी से बिना बताए मंदिर की ओर घूमने चली गई थी। वैधानिक कार्रवाई के बाद नाबालिग बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।









