गरोठ रोड पर घायल हुए मिस्त्री ने तोड़ा दम

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गरोठ पर शहरी सीमा में गिरिराज रतन कॉलोनी के नजदीक सड़क हादसे में घायल हुए 27 साल के एक युवक की मौत हो गई है। वह मिस्त्री का काम करता था और काम से वापस घर लौट रहा था। बुधवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया।
मृत युवक का नाम साहिल पिता लियाकत पटेल है। साहिल नागझिरी के नजदीक गांधीनगर का रहने वाला था। मिस्त्री का काम करने वाले साहिल का उन्हेल-आगर बायपास पर आरके बंसल स्कूल में नजदीक काम चल रहा था। 5 दिसंबर की शाम काम खत्म होने के बाद साहिल और उसके साथ काम करने वाला युवक शोएब दोनों ही मोटरसाइकिल से गरोठ रोड होते हुए नागझिरी जाने के लिए निकले थे। गिरिराज रतन कॉलोनी के नजदीक इनकी गाडी को एक बैक-हो लोडर (जेसीबी) वाहन ने इन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में शोएब को तो मामूली चोट आई थी, जबकि साहिल गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसे चरक अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां गंभीर हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए थे। मंगलवार की शाम फ्रीगंज स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया। चिमनगंज मंडी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

कार चालक ने दंपत्ति को मारी टक्कर, महिला घायल
उज्जैन। फ्रीगंज स्थित मोनालिसा पार्लर के समीप चौराहे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक से जा रहे दंपत्ति को टक्कर मार दी जिससे महिला घायल हो गई। पति की शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे की है। फ्रीगंज में मोनालिसा पार्लर के समीप चौराहे से चिमनलाल राठौर पिता स्व. नेमीचंद राठौर (66) निवासी नीलगंगा अपनी पत्नी प्रेमबाई (62) के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे तभी तेज रफ्तार से आई कार क्रमांक एमपी 13 जेडके 3491 के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी जिससे प्रेमबाई घायल हो गई। मामले में फरियादी चिमनलाल राठौर की रिपोर्ट पर माधवनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। इसी तरह की दूसरी घटना पंवासा थाना क्षेत्र के मंगलधाम कॉलोनी और पेट्रोल पंप के बीच हुई। यहां से जा रहे प्रेम निर्मल पिता गोपीलाल (50) निवासी माधौपुरा को तेज रफ्तार से आ रही कार क्रमांक एमपी 05 सीबी4993 के चालक ने टक्कर मारी दी जिससे प्रेम निर्मल घायल हो गए। तीसरी घटना बडऩगर रोड स्थित हनुमानगढ़ी चौराहे पर हुई। यहां पर 48 वर्षीय भरत पिता बसंतीलाल नायक निवासी हनुमानगढ़ी को कार क्र. एमपी १७ सीसी २८४८ के चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। मामले में महाकाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।









