पुलिस को देख ड्रग्स छोड़ भागे बदमाश

अंबोदिया रोड पर पुलिस कर रही थी चैकिंग, दो पकड़ाए
उज्जैन। महाकाल थाना पुलिस द्वारा सदावल में वाहन चैकिंग की जा रही थी उसी दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को पैदल आते दिखे। पुलिस को देखकर दोनों बदमाशों ने दौड़ लगा दी। पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ा और तलाशी ली। उनके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई। दोनों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि रोकड़िया हनुमान मंदिर अबोदिया रोड सदावल में पुलिस द्वारा वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो युवक आते दिखे। उन्होंने पुलिस को देखकर दौड़ लगाई। पीछा कर दोनों को पकड़ा।
उन्होंने अपने नाम अजनान उर्फ अज्जू पिता अतीक खान निवासी रविशंकर नगर और सोहेल पिता मुन्ना खां निवासी गरीब नवाज कॉलोनी बताया। युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से 6.73 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई जिसकी कीमत 94180 रुपए है। पुलिस के अनुसार पकड़ाए युवकों से ड्रग्स लाने और बेचने के बारे में पूछताछ की जा रही है।
नई सड़क कॉम्प्लेक्स से ढाई किलो गांजे के साथ पकड़ाया बदमाश
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नईसड़क स्थित कॉम्प्लेक्स से एक युवक को पकड़कर ढाई किलो गांजा जब्त किया और उसके खिलाफ एनडीपीएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया नई सड़क डाबरीपीठा स्थित कॉम्प्लेक्स में रात 9.25 बजे दबिश दी। यहां जामा मस्जिद के पीछे रहने वाला मोहम्मद आसिम हुसैन पिता अनवर मिला। तलाशी में उसके पास से ढाई किलो गांजा कीमत 40 हजार रुपए जब्त हुआ। एनडीपीएस के तहत केस दर्ज किया है।









