Advertisement

शहर में हफ्ता वसूली करने वालों के हौसले बुलंद शराब के लिए रुपए नहीं दिए तो चाकू मार दिया

पुलिस का खौफ खत्म हो रहा है बदमाशों में

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

दादाओं को पांच सौ रु. नहीं दिए पीट दिया

मौका मुआयना बंद होने से बढ़ रहे अपराध

Advertisement

शराबखोर मांग रहे हैं रुपए नहीं देने पर किया हमला

घर से निकलते हैं तो जेब में चाकू रहता है

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर में एक नए अपराध ने जन्म लिया है। शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो हमला, चाकू से वार, डंडे से पीटा। इस प्रकार की पिछले दो महीने में एक दर्जन से ज्यादा वारदातें हो चुकी हैं। माधव नगर थाना क्षेत्र में इसी तरह की एक वारदात हुई है। इसमें भी बदमाशों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब नहीं दिए तो हमला किया।

पुलिस के अनुसार घटना लक्ष्मी नगर के सामने छत्तीस क्वार्टर इलाके में सागर और उसके दोस्त सूरज दोनों लक्ष्मी नगर निवासी को स्वयं त्रिपाठी, सिद्धार्थ यादव, हिमांशु और चेतन ने रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने दोनों को घेर लिया और शराब के लिए पैसे मांगे, जब नहीं दिए तो मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी ने चाकू निकाल लिया और सागर पर हमला कर दिया। उसने बचने का प्रयास किया और गिर गया। चाकू उसकी जांघ में लगा। वह लहूलुहान हो गया। हमला करने के बाद बदमाश भाग गए। इस घटना से क्षेत्र में भगदड़ मच गई। सूरज अपने घायल साथी को लेकर माधव नगर थाने पहुंचा जहां से उसे चरक अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सूरज की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।

दो दादाओं ने पैसे मांगे, न दिए तो हमला किया

महाकाल थाना क्षेत्र में भी दादागिरी और वसूली की एक वारदात हुई है। इसमें बदमाशों ने पूरी हैकड़ी से कहा कि हम इस इलाके के दादा हैं। फरियादी सोनू ई-रिक्शा चलाता है। वह ग्राम नांदेड़ तराना का रहने वाला है। अपने परिवार के भरण पोषण के लिए उज्जैन आ गया। यहां कंचनपुरा में किराए का मकान लिया और ई-रिक्शा चलाने लगा। इसे चीना बाबा गुमटी वाले जो बेगमबाग में हैं, दोनों ने रोक लिया और कहा कि यहां रिक्शा चलाना है पांच सौ रुपए रोज देना होंगे। नहीं दिए तो खैर नहीं। सोनू ने राशि देने से मना कर दिया। तब दोनों ने उसके साथ मारपीट की। कोई धारदार हथियार भी था जिससे हमला किया गया। उसे चरक अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने अपने आपको दादा कहने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

मामूली सी बात पर चार युवकों ने पीटा

मा धव नगर थाना क्षेत्र में ही मारपीट की एक और वारदात हुई है। पुलिस के अनुसार महानंदा नगर निवासी गोपाल बोयत चाय की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी बीच दिनेश, गोलू, राहुल और अमन नामक युवक भी वहां आ गए। गोपाल के हाथ से चाय गिर गई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और चारों ने मिल कर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट करने के बाद चारों भाग गए। गोपाल ने अपने परिजन के साथ माधव नगर थाना में आरोपियों के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने चारों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी भी महानंदा नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

अचानक चाकू कहां से आया?

सागर पर किए गए हमले से एक प्रश्न यह उठता है कि हमलावरों के पास चाकू कहां से आया? जाहिर है कि वह चाकू लेकर घर से निकले थे। गनीमत है कि सागर के सिर्फ पैर पर ही हमला हुआ। यदि उसने बचने का प्रयास नहीं किया होता बड़ा हादसा हो सकता था। पिछले दिनों पुलिस ने सर्चिंग अभियान चला कर बड़ी संख्या में चाकू और अन्य हथियार बरामद किए थे। पुलिस को इसी प्रकार अभियान चलाने की जरूरत है ताकि ये बदमाश किसी की जान के दुश्मन न बनें।

Related Articles

Write a review