एक्सीडेंट में घायल युवक ने दम तोड़ा

हादसे में पहले हो चुकी है मां और मामा की मौत
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:8 दिन पहले एक्सीडेंट में घायल हुए युवक ने सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि इसी दुर्घटना में उसकी मां व मामा की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। माधव नगर पुलिस ने शव का पीएम कराया है।
दीपक पिता सुजान सिंह 20 वर्ष निवासी जयसिंहपुरा बड़ौद अपने मामा की शादी में शामिल होने बैतूल गया था। वहां 7 मार्च को परिजनों के साथ मंदिर दर्शन कर कार से लौटते समय बैतूल-दुनावा के बीच इको कार से टक्कर में उसकी मां गीताबाई व मामा सुभाष की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
गंभीर घायल दीपक को उसके पिता उज्जैन ले आये। यहां प्रायवेट अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह दीपक ने दम तोड़ दिया। उसके पिता ने बताया कि तीन साल पहले दीपक की पत्नी रूकमाबाई की बिजली गिरने से मृत्यु हो चुकी थी।









