उज्जैन में अभी एक भी आठ लेन नहीं बजट आने पर बनाई जाएगी योजना

उज्जैन से इंदौर तक बने फोरलेन को भी सिक्स लेन ही किया जा रहा
सरकार ने चार साल पहले 500 करोड़ रुपए का बजट दिया
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:सिंहस्थ के लिए उज्जैन में प्रवेश करने वाली सड़कों को सिक्स लेन या एट लेन करने का प्रावधान बजट में करने से नई उम्मीदों को पंख लगे हैं। वर्तमान में उज्जैन को जोडऩे वाली एक भी रोड एट लेन नहीं है। उज्जैन से इंदौर तक बने फोरलेन को भी अभी सिक्स लेन ही किया जा रहा है। यह पहला रोड होगा, जो सिक्स लेन होगा। सिंहस्थ 2028 के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने चार साल पहले ही 500 करोड़ रुपए का बजट दे दिया है। हालांकि इस धार्मिक आयोजन पर 18 हजार करोड़ से अधिक खर्च होने की संभावना है।
मध्यप्रदेश सरकार ने अपने बजट में उज्जैन सिंहस्थ को प्राथमिकता में रखा है। इसी साल 500 करोड़ रुपए का बजट देकर सरकार ने संकेत दे दिया है कि आने वाले सालों में इसे और बढ़ाया जाएगा। 2028 में 27 मार्च से 27 मई तक सिंहस्थ महापर्व आयोजित होगा। इस महापर्व में 14 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इस हिसाब से सरकार सिंहस्थ के आयोजन को यादगार बनाने की की तैयारी में है। 500 करोड़ के पहले बजट से कई योजनाएं आकर लेंगी।
सिंहस्थ के लिए 19 विभागों की 18 हजार 840 करोड़ लागत के 523 कार्य प्रस्तावित हैं। श्रद्धालुओं के लिए परिवहन की व्यवस्था, मुख्य सड़कों के विकास, नवीन सड़कों के निर्माण, पेयजल, शिप्रा शुद्धिकरण, विद्युत आपूर्ति, कानून व्यवस्था और ट्रेफिक मैनेजमेंट, पर्यटन स्थलों के विकास आदि की योजनाएं प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में उज्जैन से इंदौर तक 46 किमी लंबे रोड को सिक्स लेन बनाने के काम का भूमिपूजन जल्द करने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही उज्जैन में प्रवेश करने वाला यह पहला सिक्स लेन होगा।
पिछले सिंहस्थ में साढ़े 4 हजार करोड़ के काम कराए
सिंहस्थ-2016 से पहले सरकार ने साढ़े चार हजार करोड़ रुपए के काम उज्जैन और उसके आसपास के जिलों में कराए थे। तब कई सड़कों को चौड़ा किया था और 11 पुल बनाए गए थे। इस बार चार गुना राशि खर्च कर काम कराने का प्रस्ताव तैयार हुआ है। बजट में उज्जैन को ये भी मिला
चना अनुसंधान केंद्र के लिए 1 करोड़ रुपए का बजट।
संस्कृति विभाग को सिंहस्थ तैयारियों के लिए 70 करोड़ का बजट।
विक्रमादित्य शोधपीठ का बजट 10 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 25 करोड़ किया। इससे शोधपीठ के माध्यम से और ज्यादा गतिविधियां कराई जा सकेंगी।
शिप्रा शुद्धिकरण के लिए सेवरखेड़ी सिलार खेड़ी डेम प्रोजेक्ट के लिए टोकन बजट।
यूनिटी मॉल निर्माण के लिए 142 करोड़ रुपए का प्रावधान। मॉल का निर्माण शुरू हो चुका है। इससे निर्माण तेज गति से हो सकेगा।









