किराए पर ऑटो चलाने को लिया, एक साल नहीं दिए रुपए, मांगे तो मालिक को पीटा

उज्जैन। रेलवे स्टेशन परिसर में झंडे के समीप शुक्रवार शाम ऑटो चालक और उसके साथी ने युवक के साथ जमकर मारपीट की। मामले की शिकायत जीआरपी को की है जिसमेंं प्रकरण दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है। जीआरपी ने बताया कि जावेद पिता गबरू शाह फकीर निवासी नूरानी मस्जिद के पास, थाना महाकाल ने अपना ऑटो दीपक उर्फ चिंटू को किराए पर चलाने के लिए दिया था। दीपक ने पिछले एक साल से जावेद को रुपए नहीं दिए थे। शुक्रवार शाम को जावेद शाह रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचा जहां रुपए को लेकर दीपक उर्फ चिंटू से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो दीपक और उसके साथ छोटू ने जावेद को जमकर पीटा। इसके बाद जावेद जीआरपी थाने पहुंचा और एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस मारपीट करने वालों दोनों बदमाश को तलाश कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कर्मचारी को पीटा
उज्जैन। शांति नगर निवासी युवक की महिला और उसके बेटे ने पिटाई कर दी। घायल चरक अस्पताल में भर्ती है। घायल का नाम शुभम पिता कमलकांत राजोरिया उम्र 26 साल है। शुभम पर हमला रवि राव और उसकी मां तनुजा राव ने किया। रवि की पत्नी आयुषी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। आयुषी फिलहाल रवि से अलग अपनी मां अनु शर्मा के साथ रहती है और नीलगंगा क्षेत्र में कैफे चलाती है। शुभम इसी कैफे पर कर्मचारी है। पत्नी के साथ विवाद में कर्मचारी शुभम उसका सहयोग करता था लिहाजा रवि राव और उसकी मां ने शुभम पर हमला कर दिया। नीलगंगा पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
भाई-बहन पर हमला
उज्जैन। महिदपुर के किला क्षेत्र में रहने वाले शोएब हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन और उसकी बहन रूबिना पति आजम खान पर नजदीक ही रहने वाले सादिक, साबिर अली, शब्बीर और अन्य चार साथियों ने लाठी से हमला कर दिया। दोनों को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया है। शोएब ने बताया आरोपी बहन के घर के पास रहते हैं। कुछ दिन पहले इनके परिवार और बहन के परिवार के बच्चों के बीच कुछ विवाद हो गया था। इसी को लेकर हमला किया गया।









