उज्जैन के लिए पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा आज से

मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देंगे सौगात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
20 नवंबर से नियमित होगी सेवा
भोपाल में समां बांधेंगे सिंगर जुबिन, 2 हजार ड्रोन से दिखेगी विरासत से विकास यात्रा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन/भोपाल। मध्यप्रदेश आज ७० साल का हो गया। ७०वें स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर 3 नवंबर तक आयोजित होने वाला राज्योत्सव ”अभ्युदय मध्यप्रदेश’ इस बार पूरी तरह नए कलेवर में नजर आएगा। 3 दिनों तक भोपाल का आसमान, धरती और मंच सब कुछ रंग, रोशनी और संगीत से सराबोर रहेेंगे। शाम 6:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होगा।
मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू रहेंगे। उद्घाटन सत्र में 500 कलाकार ‘विश्ववन्द – श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा’ से आध्यात्मिक और कलात्मक ऊंचाई देंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से 2000 ड्रोन के जरिए ”विरासत से विकास’ थीम पर देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो होगा जिसमें मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और आधुनिक पहचान दिखाई देगी। रात को लोकप्रिय गायक जुबिन नौटियाल अपने सुपरहिट गीत ‘रातां लम्बियां’, ‘हमनवां मेरे’, ‘तारों के शहर’ जैसे गानों से समां बांधेंगे।
भोपाल से उज्जैन के लिए होगी पहली उड़ान पीपीपी मॉडल पर संचालित होंगी सेवाएं
मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पर लाल परेड ग्राउंड पर शनिवार को प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

स्थापना दिवस पर शनिवार से पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा शुरू हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से हेलिकॉप्टर को उज्जैन के लिए रवाना किया। हालांकि, नियमित सेवा 20 नवंबर से ही शुरू होगी। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी इस मौके पर मौजूद थे। मंत्री लोधी ने बताया, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों के बीच हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा प्रारंभ की जा रही है। लोक-निजी भागीदारी मॉडल के अंतर्गत यह सेवा मध्य प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान देगी। पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलिकॉप्टर सेवा प्रदेश में प्रमुख धार्मिक, वन्यजीव एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के बीच यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाएंगे। यह पहल मध्य प्रदेश को एक नए पर्यटन आयाम की ओर अग्रसर करेगी। जिससे राज्य के एडवेंचर, हेरिटेज, और स्पिरिचुअल टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी।









