बुजुर्ग को अस्पताल ले जा रहे वाहन को ट्रैक्टर ने टक्कर मारी, बहू की मौत

भैरवगढ़ चौराहे पर रात 1 बजे हादसा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। बुधवार रात 1 बजे भैरवगढ़ चौराहे पर दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें एक महिला की मौत हो गई। ड्राइवर घायल है। ये लोग घर के हार्ट पेशेंट बुजुर्ग को अस्पताल ले जा रहे थे।
ग्राम खोकरी (उन्हेल) निवासी बग्गा जी कछावा हार्ट पेशेंट हैं और मंगलवार रात को उन्हें सीने में दर्द हुआ। इस कारण बहू गीता बाई (55) अपने पति जस्सू, देवर डूंगरसिंह, जगदीश व चंदर के साथ किराए की इको वेन से उज्जैन के निजी अस्पताल ला रहे थे। यहां उनका पहले से इलाज चल रहा था। रास्ते में भैरवगढ़ चौराहे पर सामने से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने इको वाहन को ड्राइवर साइड से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे इको ड्राइवर प्रकाश पिता घासीराम घायल हो गया और पीछे बैठी गीता बाई गंभीर घायल हो गई।
मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस बुलाई
घटनास्थल के पास ही भैरवगढ़ थाना है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद पुलिस ने दो एंबुलेंस बुलाई। एक से गीताबाई और ड्राइवर प्रकाश को चरक अस्पताल भेजा और दूसरे से बीमार बुजुर्ग बग्गा जी को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका पूर्व से इलाज चल रहा था। चरक अस्पताल में गीता बाई की मौत हो गई, जबकि प्रकाश की हालत स्थिर है। प्रकाश को भी इलाज के लिए निजी अस्पताल रैफर किया गया है। घटना के बाद से ट्रैक्टर ड्राइवर टै्रक्टर सहित फरार है। भैरवगढ़ पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।









