महाकाल मंदिर प्रशासक को मोहन सरकार ने हटाया, अब नया कौन?

* शासन ने आदेश जारी कर निवाड़ी ट्रांसफर किया
प्रदेश के 64 अधिकारियों के ट्रांसफर
अक्षरविश्व प्रतिनिधि. उज्जैन:प्रदेश की मोहन सरकार ने महाकाल मंदिर प्रशासक संदीप सोनी को उज्जैन से ट्रांसफर कर निवाड़ी भेज दिया है। सोनी यूडीए सीईओ का काम भी संभाल रहे थे। सोनी की जगह अभी किसी अन्य की पदस्थापना नहीं की है। इसलिए नया प्रशासक कौन होगा, इसको लेकर उत्सुकता केंद्रित हो गई है।
दरअसल, सरकार ने प्रदेश के 64 अधिकारियों को इधर से उधर किया है। इसके तहत सोनी को निवाड़ी में अपर कलेक्टर बनाया है। सरकार ने यह आदेश महाशिवरात्रि के ठीक बाद किया है। माना जा रहा है कि उनके कामकाज से सरकार खुश नहीं थी, लेकिन महाशिवरात्रि के कारण उनका ट्रांसफर नहीं किया था। वर्ष में एक बार दिन में होने वाली भस्मारती शनिवार को होने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग का यह आदेश जारी हुआ है। सोनी ने यूडीए सीईओ के रूप में सितंबर 2022 में काम संभाला था। बाद में उनको महाकाल मंदिर प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था।











