बर्थ डे पार्टी मनाकर निकले दो भाइयों पर चाकू से हमला

दो साल पहले बदमाश कर चुका था फायरिंग, पुरानी रंजिश चल रही
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:बीती रात करीब 10 बजे बर्थ डे में शामिल होने गये दो भाइयों पर धर्मशाला के बाहर निकलते ही चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायलों को परिजनों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।
धीरेन्द्र पिता सुनील 28 वर्ष निवासी पटेल नगर ने बताया कि वह अपने भाई कीर्तेश सोलंकी व परिवार के साथ राणा राजपूत धर्मशाला में रिश्तेदार के बच्चे की बर्थ डे पार्टी में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे धीरेन्द्र उसकी पत्नी के साथ धर्मशाला से बाहर निकला तभी वहां पहले से खड़े धर्मेन्द्र, उसके भाई प्रेम व प्रेम के बेटे विनय ने घेर लिया और चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
भाई बचाने के लिए आया तो उसे भी चाकू मारा
शोर सुनकर धीरेन्द्र का भाई कीर्तेश उसे बचाने आया तो बदमाशों ने उसे भी चाकू मारे। इस दौरान यहां मौजूद लोगों ने चाकूबाजी का वीडियो भी बना लिया। दोनों घायलों को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने बताया कि दो वर्ष पहले धर्मेन्द्र से विवाद हुआ था उस दौरान धर्मेन्द्र ने उसे पर फायरिंग की थी। धर्मेन्द्र आदतन बदमाश है और पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है।









