महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की दो घटनाएं

महाकाल लोक और फ्रीगंज इलाके से दो आरोपी गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सोमवार को महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की दो अलग अलग घटनाओं में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्त में लिया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों ने महिलाओं के साथ बदतमीजी करते हुए छेड़छाड़ की जिसके बाद उन्हें भीड़ ने जमकर पीटा।
पहली घटना दोपहर करीब 1 बजे दुर्गा प्लाजा के नजदीक की है। निजी अस्पताल में काम करने वाली एक महिला भरतपुरी से टॉवर चौक पर आने के लिए मैजिक में बैठी थी। मैजिक में नजदीक बैठे एक व्यक्ति ने उक्त महिला को बुरी नीयत से छूने की कोशिश की।
महिला द्वारा आपत्ति जताने के बाद आसपास मौजूद अन्य लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी का नाम जुबैर पिता अब्दुल मुश्ताक (45) निवासी शिकारी गली है। माधवनगर पुलिस द्वारा उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। छेड़छाड़ की दूसरी घटना महाकाल लोक पार्किंग के शौचालय की है। इंदौर से चार वकील उज्जैन दर्शन करने आए थे, इनमें दो महिला वकील भी शामिल थीं।
एक युवक एकाएक महिला शौचालय में घुसा और भीतर मौजूद इंदौर निवासी उक्त महिला के साथ अभद्रता करने लगा। महिला द्वारा शोर मचाने पर साथी वकीलों ने उसे पकड़ा और पीटते हुए महाकाल थाने तक ले गए। आरोपी का नाम सागर बताया जा रहा है, वह महाराष्ट्र के चित्रदुर्ग का रहने वाला है। आरोपी सागर ने भांग का अत्यधिक नशा कर रखा था।









