शहर में खुलेंगे दो नए थाने

कैबिनेट ने दी मंजूरी: उज्जैन जिले में थानों की संख्या 34 हो जाएगी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
तपोभूमि और महाकाल लोक थाने के लिए स्टाफ स्वीकृत
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। करीब पाँच साल बाद एक बार फिर उज्जैन में थाने बढ़ेंगे। राज्य कैबिनेट ने मंगलवार को महाकाल लोक और तपोभूमि में नए थानों को मंजूरी देते हुए स्टाफ भी स्वीकृत कर दिया। पांच साल पहले उज्जैन शहर में नागझिरी, नानाखेड़ा, चिंतामन जवासिया और पंवासा थाने शुरू किए गए थे। जिले में अब थानों की संख्या 32 से बढक़र 34 हो जाएगी।
उज्जैन शहर की आबादी और क्षेत्रफल साल दर साल बढ़ रहा है। नई कॉलोनियां बन रही हैं और फ्रीगंज तरफ शहर का लगातार विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही अपराध भी बढ़ रहे हैं। थानों से नई कॉलोनियों की दूरी अधिक होने से पुलिस व्यवस्था में परेशानी आ रही है। इसे देखते हुए नए थाने खोले जा रहे हैं। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि कैबिनेट ने दोनों थानों के लिए 150 पद स्वीकृत किए हैं। इसमें दो पद निरीक्षक, 16 उपनिरीक्षक, 20 सहायक उपनिरीक्षक, 26 प्रधान आरक्षक, 80 आरक्षक, 2 प्रधान आरक्षक ड्राइवर और 4 आरक्षक ड्राइवर के पद रहेंगे।
थाना और क्षेत्र
महाकाल लोक- श्री महाकाल मंदिर के विस्तार के बाद यह की व्यवस्था को चाकचौबंद रखने के लिए अलग से थाने की कमी महसूस की जा रही थी। मंदिर में हर साल दर्शनार्थियों की संख्या भी बढ़ रही है। औसतन एक साल में ५ करोड़ श्रद्धालु आ रहे हैं। क्राउड मैनेजमेंट के साथ ही पुलिस के सामने सुरक्षा और अपराध रोकने की दिक्कत भी है। महाकाल थाने के पास यहां की व्यवस्था है लेकिन शहर का प्रमुख थाना होने से यहां के स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव है। इस दबाव को कम करने के लिए ही महाकाल लोक थाने
का प्रस्ताव तत्कालीन पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र शुक्ला ने तैयार किया गया था। यह प्रस्ताव और स्टाफ दोनों स्वीकृत हो गए हैं।
क्षेत्र- महाकाल लोक थाने में श्री महाकालेश्वर मंदिर, महाकाल लोक और हरसिद्धि मंदिर का क्षेत्र आएगा। इसके अलावा महाकालेश्वर सवारी मार्ग को भी इसमें जोडऩे का प्रस्ताव है।
तपोभूमि- इंदौर रोड पर कॉलोनियों और होटलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां थाना बनाया जा रहा है। इसके बनने से नानाखेड़ा थाने का लोड कम होगा।









