उज्जैन: नगर निगम का साधारण सम्मेलन 2 अगस्त को

अटल उद्यान में टिकट के प्रस्ताव को मिलेगी हरी झंडी!
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस बार कांग्रेस आक्रामक तैयारी में, उठेंगे विरोध
अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन :नगर निगम का साधारण सम्मेलन पांच माह के अंतराल बाद 2 अगस्त को निगम मुख्यालय में आयोजित होगा। इसमें कोठी महल के पास विकसित अटल अनुभूति उद्यान में टिकट लागू करने के प्रस्ताव पर मंथन कर हरी झंडी दी जाएगी। सदन में कुल आठ प्रस्ताव रखे जाएंगे। जिन प्रस्तावों को सदन द्वारा वापस किया था, उनको अभी प्रस्तावों में शामिल नहीं किया गया है। इस बार कांग्रेस निगम की घेराबंदी कर जोरदार हंगामा करने की तैयारी में है।
नगर निगम का साधारण सम्मेलन पिछली बार लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले 6 मार्च को हुआ था। अब 2 अगस्त को दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। इसके लिए निगम प्रशासन ने महापौर मुकेश टटवाल और निगम अध्यक्ष कलावती यादव सहित सभी पार्षदों को एजेंडा जारी कर दिया है। इसके साथ ही नगर निगम की राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है। कांग्रेस इस एजेंडे के साथ बीजेपी बोर्ड को घेरने की तैयारी में जुट गई है।
अध्यक्ष की अनुमति से अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। शांति पैलेस चौराहे के नामकरण को लेकर लंबे समय से चले आ रहे मतभेद को लेकर भी सदन में सहमति बनाई जा सकती है। इस सिलसिले में एमआईसी में पास प्रस्तावों पर निर्णय होंगे। नगर निगम सदन ने कुछ प्रकरण लौटा दिए थे। इनमें लाइट मेंटेनेंस का ठेका भी शामिल था। इनमें से एक भी प्रकरण को अभी तक सदन में दोबारा रखे जाने पर निर्णय नहीं हो सका है। इसको लेकर कांग्रेस के कुछ पार्षद आपत्ति ले सकते हैं।
सम्मेलन में पेश होंगे ये प्रस्ताव
1. डी मार्ट के सामने शिप्रा नदी से होते हुए एमआर 21 तक सीसी रोड निर्माण कार्य स्वीकृति की प्रत्याशा में दी स्वीकृति की पुष्टि।
2. विशेष निधि से जंतर मंतर के पास होटल सॉलिटेयर पाले से वाकणकर ब्रिज मार्ग होते रिंग रोड तक सीसी रोड निर्माण कार्य की पुष्टि।
3. विशेष निधि से एमआर 21 (जीवनखेड़ी सिकंदरी मार्ग) का मास्टर प्लान 2035 के अनुसार बीडी सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति की प्रत्याशा में दी गई स्वीकृति की पुष्टि।
4. वार्ड 38 के दूधतलाई क्षेत्र में श्रीकृष्ण सुदामा कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर 34 दुकान, ऑफिस या गोडाउन और दूसरी मंजिल पर 24 फ्लैट को 30 वर्ष की लीज पर देने के एमआईसी के फैसले पर विचार।
5. उज्जैन-गरोठ (पैकेज 1) चंदेसरी से खेड़ाखजूरिया तक फोरलेन निर्माण के लिए एमआईसी का ठहराव।
6. मप्र भूमिगत पाइप लाइन केबल एवं डक्ट अधिनियम 2012 के तहत गोयलाखुर्द में मुआवजा देने के लिए एमआईसी का ठहराव।
7. अटल अनुभूति उद्यान में टिकट सिस्टम लागू करने का एमआईसी का ठहराव।
8. नामकरण के लिए एमआईसी में पास प्रस्तावों पर निर्णय।









