महाकाल मंदिर जाने के लिए उज्जैन में सौगात देने की तैयारी

रोप वे के लिए 12 करोड़ में लीज पर जमीन देगा रेलवे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रेलवे ने सरकार को भेजा पत्र, जमीन देने की कवायद
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:उज्जैन रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक जाने के लिए रोप वे बनाने की बुनियाद तैयारी तेज हो गई है। रेलवे ने इसके लिए लीज पर जमीन देने के लिए 12 करोड़ रुपयों की मांग की है। इस पर विभाग राशि देने पर मंथन कर रहा है।
रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक करीब पौने दो किमी लंबा रोप वे बनाने का प्रस्ताव है। प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार रेलवे ने इसके लिए जमीन लीज पर देने का पत्र दिया है, जिसमें 12 करोड़ रुपए मांगे हैं।
इसको लेकर शासन स्तर पर प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रोपवे के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए हाईब्रिड एन्युइटी मोड के तहत 188.95 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है। लोक निर्माण विभाग एवं नेशनल हाइवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड के मध्य रोपवे के विकास, कार्यान्वयन, निर्माण, संचालन और रख-रखाव के लिए हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) का अनुमोदन भी हो चुका है।
प्रदेश सरकार कर रही प्रयास
मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार महाकाल भक्तों को रोप वे की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है। कैबिनेट में इसे स्वीकृति दी जा चुकी है। लोकसभा चुनाव बाद इसका काम तेजी पकड़ सकता है।









