उज्जैन: निगम अध्यक्ष चौंकी… फिर सम्मेलन स्थगित किया…

कांग्रेस ने किया बजट सम्मेलन का बहिष्कार
अक्षरविश्व न्यूज . उज्जैन:नगर निगम का लोकसभा चुनाव से पहले होने वाला बजट सम्मेलन बुधवार सुबह शुरू होते ही स्थगित कर दिया गया। निगम अध्यक्ष कलावती यादव पहले तो यह देखकर चौंकी कि कांग्रेस के सारे पार्षद ही नहीं आए, फिर उन्होंने सम्मेलन दोपहर 1 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी। कांग्रेस के सभी पार्षदों ने सम्मेलन का बहिष्कार किया।
बुधवार सुबह सम्मेलन तय समय से पन्द्रह मिनट देरी से शुरू हो सका। वंदे मातरम गान के बाद निगम अध्यक्ष यादव ने आसंदी से पूछा क्या बात है, आज विपक्ष का एक भी सदस्य दिखाई नहीं दे रहा, कोई सूचना है क्या…? इस पर सदन में सन्नाटा छा गया। यादव ने अधिकारियों से भी पूछा अगर सूचना है तो जानकारी क्यों नहीं दी। दरअसल, सम्मेलन में बजट पर चर्चा होनी है। इसके बाद यादव ने कहा आज प्रधानमंत्री द्वारा स्व सहायता समूहों के लिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होना है, इसलिए क्या सम्मलेन बाद में शुरू किया जाए? बाद में राय मशविरे ने बाद उन्होंने सम्मलेन दोपहर 1 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
एमआईसी सदस्य तिवारी से चर्चा, फिर घोषणा…
निगम अध्यक्ष यादव ने लोक निर्माण समीतिंके प्रभारी शिवेंद्र तिवारी को आसंदी के पास बुलाया और उनसे कुछ देर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने घोषणा की। इस दौरान महापौर टटवाल सहित अन्य पार्षद अपने स्थान पर रहे। भाजपा पार्षद भी कम… सम्मेलन में विपक्ष का बहिष्कार तो समझ में आया, लेकिन अधिकतर भाजपा पार्षद भी नहीं थे।
इसको लेकर बाद में निगम मुख्यलाय के कमरों में चर्चा का दौर रहा।।पार्षद हेमंत गेहलोत दो दिन पहले से अस्वस्थ हैं और उनका उपचार चल रहा है। प्रभारी पीएचई प्रकाश शर्मा, योगेश्वरी राठौर, कैलाश प्रजापत सहित करीब 24 पार्षद ही उपस्थित थे।
एक ट्यूबलाइट नहीं लगी, क्या करें चर्चा…
विपक्ष में नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा शहर में एक ट्यूबलाइट तक नहीं लगी तो बजट पर चर्चा से क्या फायदा। पार्षद माया त्रिवेदी ने पहले ही बहिष्कार की घोषणा कर दी थी।









