ई-सेवा पुस्तिका ऑनलाइन जनरेशन में उज्जैन पुलिस मध्यप्रदेश में प्रथम

डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम, एसपी ने किया पुलिस टीम को सम्मानित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मप्र पुलिस ने ई-एचआरएमएस (इलेक्ट्रिॉनिक ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल के माध्यम से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ई-सेवा पुस्तिका ऑनलाइन जनरेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीजीपी कैलाश मकवाना ने इस काम की समयसीमा 31 दिसंबर निर्धारित की है। निर्धारित अवधि से पहले ही उज्जैन पुलिस ने जिले के संपूर्ण पुलिस बल की ई-सेवा पुस्तिका ऑनलाइन जनरेट कर ली। इसके बाद उज्जैन पुलिस यह उपलब्धि हासिल करने वाली प्रदेश की प्रथम पुलिस इकाई बन गई है।
इस काम को समयसीमा में पूरा करने पर एसपी प्रदीप शर्मा ने विशेष टीम बनाई थी और एएसपी ग्रामीण अभिषेक रंजन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया था। इस काम में विशेष योगदान देने पर सुबेदार (अ) नितिन वर्मा एवं टीम के अन्य सदस्यों को एसपी ने नकद पुरस्कार दिया। दरअसल, ई-सेवा पुस्तिका ऑनलाइन जनरेट होने से पुलिस के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का सेवा संबंधी पूरा डाटा डिजिटल, सुरक्षित और सुलभ हो गया है जिससे सेवा संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी।









