नींद खुली और टॉयलेट गया, देर तक बाहर नहीं आया तो तोड़ा दरवाजा, कमोड पर पड़ा मिला युवक का शव

डॉक्टर ने मृत घोषित किया, वृद्ध दादी और पत्नी हुए बेसुध

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। न कोई बीमारी, न कोई परेशानी, सामान्य दिनों की तरह सुबह नींद खुली और वह टॉयलेट में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो परिजन ने दरवाजा तोड़ा। देखा कमोड पर मुंह के बल पड़ा था युवक। दादी और पत्नी उसे चरक अस्पताल लाए। परीक्षण के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन बेसुध हो गए।

पंवासा मल्टी में रहने वाला 45 वर्षीय रणछोड़ पिता मांगू ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी दादी पार्वती बाई ने बताया कि घर में इकलौता कमाने वाला था। रात में रणछोड़ ने परिवार के साथ बैठकर भोजन किया और अपने कमरे में जाकर सोया। सुबह भी वह रोजाना की तरह नींद से जागा। टॉयलेट गया लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। शंका हुई तो दरवाजा बजाकर आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। आसपास के लोगों को बुलाकर टॉयलेट का दरवाजा तोड़ा। अंदर रणछोड़ कमोड पर पड़ा था।

परिजन कुछ समझ नहीं पाए। उसे तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने उसका परीक्षण किया और मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही दादी और पत्नी बेसुध होने लगे। रणछोड़ का बेटा उमेश पुरी भी साथ था। उसने बताया कि पापा कुछ दिनों से सीने में कभी कभी दर्द होने की बात कहते थे लेकिन दर्द अपने आप ठीक हो जाता, इस कारण डॉक्टर को नहीं दिखाया। उन्हें किसी प्रकार की कोई बीमारी नहीं थी। घर में सब कुछ सामान्य था। डॉक्टर ने परिजनों को बताया कि संभवत: हार्ट अटैक के कारण रणछोड़ की मृत्यु हुई है। इसका खुलासा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद हो पाएगा।

Related Articles