13 रेलवे ब्रिज में से 7 का काम शुरू

तैयारी सिंहस्थ की…. मेला अधिकारी ने रेलवे और टेलीकॉम कंपनी के अधिकारियों के साथ की बैठक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ-2028 को लेकर की जा रही तैयारियों को लेकर गुरुवार को कमिश्नर व मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने टेलीकॉम कंपनी व रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सिंहस्थ के दौरान नेटवर्क प्लान में टॉवर साइट अपग्रेड और नए टॉवर लगाए जाने पर बात हुई। साथ ही रेलवे ब्रिज की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जानकारी दी कि रेलवे ओवरब्रिज एलसी नंबर 23 उज्जैन-नागदा रेल सेक्शन का निर्माण पूरा हो चुका है और रेलवे ओवरब्रिज एलसी नं. 7 इंदौर-देवास-उज्जैन रेल सेक्शन विक्रमनगर का काम चल रहा है। फ्रीगंज ओवरब्रिज के समानांतर रेलवे ब्रिज की समीक्षा के दौरान अंडरपास में सुरक्षा मानकों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा केबल और पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत 13 रेलवे ब्रिज में से 7 का काम शुरू हो गया है। इस पर मेला अधिकारी सिंह ने सेतु विभाग के अधिकारियों को रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
300 किमी में डालेेंगे फाइबर केबल
टेलीकॉम कंपनी के अधिकारियों ने बताया उनकी कार्ययोजना के अंतर्गत सिंहस्थ के दौरान मेला क्षेत्र में 300 किमी क्षेत्र में फाइबर डाला जाएगा। पहले से मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर को भी अपग्रेड करना होगा। जहां अधिक लोगों की आवाजाही रहेगी वहां कवरेज के लिए लगभग 100 पोल साइट लगाए जाएंगे। मेला क्षेत्र, श्री महाकालेश्वर मंदिर, अन्य प्रमुख मंदिरों और उज्जैन आने वाले मुख्य मार्गों पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके लिए हार्ड पाइप डाले जाने पर भी चर्चा की गई।
एक की डिजाइन फाइनल होना शेष
लोक निर्माण विभाग के सेतु विभाग के तहत बनाए जाने वाले ब्रिज की समीक्षा की गई। कमेड ब्रिज, कर्कराज पार्किंग से भूखी माता, तपोभूमि से हामूखेड़ी मार्ग, नृसिंह घाट पर ब्रिज का काम चल रहा है, जबकि सिद्धवट से अंगारेश्वर सब मर्सिबल ब्रिज की डिजाइन की स्वीकृति शेष है। इस बीच मेला अधिकारी आशीष सिंह ने हरिफाटक से लालपुल के सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने को कहा। भू-अर्जन से संबंधित समस्याओं को दूर करने एवं एमपीआरडीसी को ओडी सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
यह रहे उपस्थित
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय ओएसडी गोपाल डाड, रेलवे विभाग के एडीआरएम और सिंहस्थ मेला अधिकारी केएल मीणा, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, रेलवे रतलाम मंडल के संभागीय इंजीनियर महेंद्र सिंह जाटव, बीएसएनएल एवं अन्य निजी टेलीकॉम कंपनियों के पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









