शिप्रा में डूबने से युवक की मौत

उज्जैन। दोस्तों व ठेकेदार के साथ पार्टी मनाने गये युवक की भूखी माता घाट पर नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। महाकाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
लक्की पिता राधेश्याम जाटवा 20 वर्ष निवासी अक्षय नगर नानाखेड़ा मिस्त्री का काम करता था। ठेकेदार व दोस्तों ने भूखी माता घाट पर पार्टी रखी जिसमें लक्की भी शामिल हुआ था। दोपहर के समय वह नदी में नहा रहा था उसी दौरान गहरे पानी में चला गया दोस्तों ने शोर मचाकर तैराकों की मदद मांगी।
वहां मौजूद तैराक बादल ने गहरे पानी से उसे निकाला तब तक लक्की की मृत्यु हो चुकी थी। ठेकेदार गोपाल ने अपनी पत्नी को फोन कर लक्की के घर सूचना पहुंचाई। लक्की के पिता राधेश्याम ने बताया कि ठेकेदार गोपाल, दोस्त दिनेश व अन्य लक्की का शव अस्पताल में रखकर चले गये और घटना की सही जानकारी भी नहीं दी।









