युवक ई-रिक्शा में बैग भुला, महाकाल पुलिस ने लौटाया

उज्जैन। महाकाल थाना पुलिस ने एक युवक का गुम बैग ढूंढकर लौटा दिया। दरअसल, शुक्रवार को कोटा में हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा यूपी का छात्र विष्णु अपने चार-पांच दोस्तों के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए आया था। सबसे पहले सभी दोस्त सुबह 6.30 बजे ई-रिक्शा से रामघाट पहुंचे जहां विष्णु अपना बैग ई-रिक्शा में ही भूल गया। इसकी शिकायत उन्होंने महाकाल थाने में की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
इसके बाद एएसआई चंद्रभानसिंह चौहान अपनी टीम के साथ बैग ढूंढने की कमान संभाली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे खंगाले और ई-रिक्शा चालकों से भी बात की जिससे चालक का पता चल गया। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को थाने बुलाया तो वह बैग लेकर पहुंचा। चालक ने बताया युवक बैग भूल गया था जो रिक्शा में ही रखा था।
इस पर एएसआई चौहान ने कहा कि कभी भी कोई श्रद्धालु बैग या सामान भूले तो उसे थाने में जमा करवाएं। बैग की तलाश में कपड़े, चार्जर, पॉवर बैंक, प्रसाद सहित अन्य सामान सुरक्षित मिला। इसके बाद पुलिस ने विष्णु को फोन पर बैग मिलने की सूचना दी। उसका दोस्त अनुकूल सोमवार को कोटा से आकर महाकाल थाने पहुंचा और पुलिस को बैग ढूंढने पर धन्यवाद देकर रवाना हो गया।









