विरोध के बीच ई रिक्शा के झोन वाइस रजिस्ट्रेशन शुरू

आरटीओ बोले…किराया पूर्व निर्धारित अनुसार ही लगेगा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:शहर में नियमानुसार संख्या से डबल ई रिक्शा का संचालन हो रहा है जिस कारण खासकर पुराने शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो रही है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर द्वारा ई रिक्शा संचालन के नियम बनाकर झोन व रूट निर्धारित करने के निर्देश आरटीओ को दिये जिसकी सूची प्रकाशन के बाद संचालकों द्वारा विरोध भी किया गया जबकि कुछ ई रिक्शा संचालन अब आरटीओ पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराने पहुंच रहे हैं।

परिवहन विभाग द्वारा किसी भी शहर की जनसंख्या के मान से लोक परिवहन के वाहनों की संख्या निर्धारित की जाती है, लेकिन महाकाल लोक बनने के बाद लोगों ने बड़ी संख्या में ई रिक्शा खरीदकर शहर में संचालन भी शुरू कर दिया। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।
पुराने शहर की गलियों से लेकर मुख्य मार्ग पर सवारियों की तलाश में घूमते ई रिक्शा एक के पीछे एक चलते हैं जिससे दूसरे वाहन चालकों के साथ साथ पैदल यात्री भी परेशान होते हैं। पिछले दिनों कलेक्टर नीरज सिंह द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आरटीओ व यातायात पुलिस को निर्देशित किया था कि उक्त ई रिक्शा संचालन के लिये नियम बनाये जाएं ताकि दूसरे वाहन चालकों को परेशानी न हो साथ ही यातायात भी व्यवस्थित बना रहे।
आरटीओ ने चार दिन पहले ई रिक्शा संचालन के लिये 6 झोन बनाकर 20 रूट की सूची कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की जिस पर मोहर लगने के बाद आरटीओ ने ई रिक्शा का झोन वाईस रजिस्ट्रेशन कराने की अनिवार्यता की डेड लाईन भी फिक्स कर दी थी। इधर ई रिक्शा संचालकों का एक संगठन कलेक्टर व आरटीओ द्वारा निर्धारित की गई व्यवस्था के विरोध में उतरा और कोठी स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया। हालांकि इस प्रदर्शन में नाममात्र के ई रिक्शा संचालक ही शामिल हुए वहीं दूसरी ओर आरटीओ कार्यालय पहुंचकर अनेक संचालकों ने रूट के आधार पर अपने-अपने आवेदन जमा करा दिया।
नियम व रूट की जानकारी से अभी अवगत नहीं कराया
यातायात डीएसपी परिहार से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि ई रिक्शा संचालन का झोन बांटने, रूट व किराया निर्धारित करने के संबंध में आरटीओ द्वारा यातायात पुलिस से कोई चर्चा अथवा विचार विमर्श नहीं किया गया है। हमें तो कितने ई रिक्शा के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और नियम कब से लागू होगा इसकी जानकारी भी अब तक नहीं दी गई है।
रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं ई रिक्शा संचालक
आरटीओ संतोष कुमार मालवीय ने बताया कि झोन व रूट निर्धारण की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ई रिक्शा संचालक आरटीओ कार्यालय पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि झोन व रूट में पूरे शहर को कवर किया गया है, लेकिन किराया पूर्व निर्धारित दर अनुसार ही रहेगा।








