अंधेरे में डूबी श्रीपुरम कॉलोनी के सूने मकान में लाखों की चोरी…

कॉलोनाइजर की मनमानी से परेशान लोगों का आक्रोश भड़का, पुलिस के समक्ष खोली पाल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। ढांचा भवन क्षेत्र स्थित श्रीपुरम कॉलोनी में मंगलवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। स्ट्रीट लाइट बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया और नकदी सहित जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने जहाँ रहवासियों में है, वहीं मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर कॉलोनाइजर के खिलाफ भारी जन-आक्रोश फूट पड़ा है।
देर रात 80 हजार नकद और जेवर ले गए
घटना 17-18 फरवरी की रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच की है। चोरों ने कॉलोनी निवासी राजीव द्विवेदी के मकान का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। शातिर बदमाश घर से लगभग 80 हजार रुपए नकद और सोने के कीमती आभूषण समेट ले गए। बुधवार सुबह जब परिजनों को चोरी का पता चला, तो हड़कंप मच गया।
पानी सप्लाई में धांधली
चोरी की घटना के बाद रहवासियों ने अन्य अनियमितताओं का भी कच्चा चि_ा खोल दिया। आरोप है कि पानी सप्लाई की व्यवस्था नियमों के विपरीत है। जहाँ एक ट्यूबवेल से 3-4 घरों को पानी मिलना चाहिए, वहाँ एक ही मोटर से 12-13 घरों में सप्लाई दी जा रही है। इससे मोटर पर अत्यधिक लोड बढऩे से शॉर्ट सर्किट और आगजनी का गंभीर खतरा बना रहता है।
ईडब्ल्यूएस मकानों की बंदरबांट
सूत्रों का दावा है कि नियमों को ताक पर रखकर गरीबों (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित मकानों को 28-29 लाख रुपये में रसूखदारों को बेच दिया गया है। इससे वास्तविक पात्र हितग्राही अपने हक से वंचित रह गए हैं।
सूने घर की रेकी कर दी वारदात
पीडि़त राजीव द्विवेदी ने बताया कि उनकी माताजी की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के सभी सदस्य उनकी देखभाल के लिए अस्पताल में ही रुके हुए थे। घर खाली पाकर चोरों ने 17-18 फरवरी की दरमियानी रात 2 से 3 बजे के बीच मकान का ताला तोड़ा वारदात को अंजाम दिया।
रहवासियों ने इस वारदात के लिए सीधे तौर पर कॉलोनाइजर सेठिया की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्ट्रीट लाइट का लगभग 48 हजार रुपये का बिल बकाया होने के कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिया है। इस कारण कॉलोनी में लंबे समय से अंधेरा छाया है, जिसका लाभ उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार, यहाँ बिजली चोरी के मामले भी चर्चा में हैं, जिससे व्यवस्था और भी चरमरा गई है।
पीडि़त परिवार और कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की है। साथ ही, कलेक्टर और नगर निगम प्रशासन से कॉलोनाइजर की मनमानी, बिजली बिल के बकाये और ईडब्ल्यूएस मकानों की बिक्री में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की अपील की है।









