सिंधिया समर्थक पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को मिला ‘पद’!

अध्यक्ष के लिए दौड़े, प्रवक्ता पर सिमटे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची में उज्जैन से पांच नेता, सीएम के करीबियों को जगह
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची ने उज्जैन के कद्दावर नेता राजेंद्र भारती (बाबा) को जोर का झटका दिया है। उज्जैन विकास प्राधिकरण, जिला सहकारी बैंक सहित प्रदेश स्तर के निगम, प्राधिकरण में अध्यक्ष की जगह तलाश रहे बाबा को प्रवक्ता जैसे पद पर भाजपा ने समेट दिया है। भाजपा ने कांग्रेस में उनके जूनियर रहे एडवोकेट विवेक गुप्ता को उनके बराबर लाकर खड़ा कर दिया है। प्रवक्ताओं की सूची में उज्जैन के पांच नेताओं ने जगह बनाई है। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी का पद हासिल कर राकेश पंड्या ने ऊंची छलांग लगाई है।
गुरुवार को प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया प्रभारी, सह मीडिया प्रभारी और प्रवक्ताओं की सूची जारी की। इस लिस्ट में वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल, वरिष्ठ नेता रूप पमनानी, गुलरेज शेख, कांग्रेस से भाजपा में आए राजेंद्र भारती, विवेक गुप्ता को भी जगह मिली है।
उज्जैन उत्तर के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की भागदौड़ और ज्योतिरादित्य सिंधिया की नजदीकी के चलते को बड़ा पद मिलने की उम्मीद थी। वह संगठन की बजाय सत्ता की कोठरी (प्राधिकरण, निगम, मंडल अध्यक्ष की कुर्सी) के लिए पूरा जोर लगा रहे थे। पार्टी और प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता दिखा भी रही थी कि बाबा को कुछ ना कुछ तो मिलेगा ही।
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पद के लिए तो उनका नाम पक्का तक बताया जा रहा था। कभी-कभार उनका नाम उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पद के लिए भी चल रहा था। लेकिन गुरुवार को आई लिस्ट ने बाबा और उनके समर्थकों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। कहने को वे प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए हैं लेकिन भारी-भरकम 33 प्रवक्ताओं की फौज में उनको कितना स्पेस भोपाल जैसी जगह में मिलेगा, यह तय नहीं है।
विवेक गुप्ता के बराबर
भाजपा ने बाबा को कांग्रेस में उनके जूनियर रहे विवेक गुप्ता के बराबर लाकर खड़ा कर दिया है। पूर्व कांग्रेसी रहे विवेक गुप्ता की भाषा और विषय पर गहरी पकड़ है। हालांकि कांग्रेस विधायक महेश परमार के खास रहे गुप्ता को प्रदेश प्रवक्ता बनाकर भाजपा ने उनका कद काफी बढ़ा दिया है।
पंड्या की छलांग
मीडिया प्रभारी और सह प्रभारी की लिस्ट में सबसे ऊंची छलांग राकेश पंड्या ने लगाई है। उन्हें प्रदेश में सह प्रभारी बनाया गया है। अब तक संभाग में दिनेश जाटवा के सहयोगी रहे पंड्या को सीएम से नजदीकी का फायदा मिला है।
स्वागत करने पहुंचे पूर्व पार्षद

इधर, प्रवक्ता पद पर नियुक्ति के बाद पूर्व पार्षद कुतुब फातेमी और अनाज व्यापारी दिनेश हरभजनका ने राजेंद्र भारती का स्वागत किया।
उनके नेता का ही कद नहीं तो बाबा का क्या होगा: भाजपा में ज्योतिरादित्य सिंधिया का कद ही नहीं बचा है। उन्हें गैर जरूरी विभाग का मंत्री बनाकर रखा गया है। कांग्रेस छोड़ते समय 22 विधायक रखने वाले सिंधिया के पास आज 5 विधायक ही हैं। जब उनका ही कद भाजपा में नहीं बचा तो उनके समर्थक राजेंद्र भारती का कद कहां से बढ़ेगा। प्रवक्ता पद राजेंद्र भारती का डिमोशन है।
मुकेश भाटी, शहर अध्यक्ष कांग्रेस
भाजपा को कोसने वाले भारती जी अब कसीदे पढ़ेंगे: भाजपा में नेताओं की भीड़ के बीच राजेंद्र भारती का जगह बनाना बड़ी बात है। कांग्रेस में रहते हुए भाजपा को पानी पी पीकर कोसने वाले राजेंद्र भारती को अब भाजपा के कसीदे पढऩे होंगे।
रवि राय, नेता प्रतिपक्ष, उज्जैन नगर निगम









