आगर रोड पर फिर हादसा, मैकेनिक को बोलेरो ने उड़ाया, हालत गंभीर

उज्जैन। आगर रोड पर बुधवार को तेज रफ्तार से दौड़ रही बोलेरो पिकअप ने मैकेनिक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वो गंभीर घायल हो गया। घटना सुबह 7.45बजे की है। यातायात की दृष्टि से खतरनाक होते आगर रोड पर चार दिन में यह दूसरी गंभीर दुर्घटना है। इसके पहले शनिवार सुबह आरडी गार्डी पर मेडिकल छात्र दुर्घटना में जान गंवा चुका है।

बुधवार सुबह आगर रोड पर विराट नगर में रहने वाला शकूर पिता सादिक खान आगर रोड पर बाइक में पेट्रोल भराकर पंप से निकला ही था कि तभी इंदिरानगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें शकूर दूर फिंका गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मौके पर मौजूद लोग तुंरत जिला अस्पताल लाए जहां दोपहर तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। इसी बीच मौका पाकर बोलेरो चालक भाग निकला। शकूर वाहन मैकेनिक है और मोहन नगर में गैराज संचालित करता है।
खतरनाक हो गया है आगर रोड
आगर रोड मार्ग अब मोहन नगर से लेकर आरडी गार्डी तक खतरनाक बन गया है। यहां ट्रैफिक सुधार की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में दिनभर में कई बार जाम लगता है, विवाद होते हैं, दुर्घटनाएं होती हैं। इस मार्ग पर कई ऐसे ब्लैक पॉइंट भी है जो जनसुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक है।
आगे चल रही गाड़ी का टायर फूटा, पीछे आ रहा ट्रक उससे जा भिड़ा, ड्राइवर गंभीर
उज्जैन। बुधवार सुबह गरोठ रोड पर गंभीर हादसा हो गया। इसमें आगे जा रही आयशर गाड़ी का टायर पंचर होने के बाद उसमें पीछे से आ रही आयशर घुस गई। घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है।
घटना सुबह करीब 5 बजे की है। गरोठ रोड पर टोल नाके पास हुए इस हादसे में हरियाणा का आशिक पिता मो. खान घायल हुआ है। मौके पर मौजूद ढाबा संचालक आमीन पिता इस्माईल ने उसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल पहुंचाया और इलाज कराने में उसकी मदद की। आमीन ने बताया कि वाहन में आशिक अकेला ही था। उसके साथ कोई हेल्पर भी नहीं है। मोबाइल से मिले नंबर से परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। आशिक धामनोद से सब्जियां लेकर दिल्ली जा रहा था। रास्ते में यह हादसा हो गया।
ई-रिक्शा ने मारी फूल विक्रेता को टक्कर
उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र में फूल-प्रसाद बेचने वाले किशोर को बुधवार सुबह ईरिक्शा ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना सुबह करीब ६ बजे की है। नीलगंगा निवासी शुभम पिता सुरेश नरवरिया (१६) मंडी से फूल लेकर महाकाल लोक की ओर जा रहा था। तभी उसे ईरिक्शा ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। शुभम की आंख और हाथ में चोंट आई है। जिला अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।









