इंदौर में 2 कर्मचारियों की सीवर टैंक में मौत, जहरीली गैस से दम घुट गया

नगर निगम करा रहा था सफाई एक कर्मचारी को बचा लिया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इंदौर। शहर में सोमवार शाम सीवर सफाई के दौरान टैंक में उतरे नगर निगम के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जहरीली गैस से दम घुटने से जान गई है। मृतकों की पहचान करण और अजय के रूप में की गई है। घटना चोइथराम मंडी गेट के पास की है।
जानकारी अनुसार, नगर निगम के कर्मचारी जोन-13 क्षेत्र में सीवर सफाई के लिए आए थे। घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि स्थानीय कर्मचारियों की ड्यूटी शाम 5 बजे तक थी। उस समय मौके पर तीन कर्मचारी मौजूद थे। सीवर की सफाई के दौरान जब सक्शन टैंकर का पाइप निकाला जा रहा था, तब पाइप का एक हिस्सा सीवर टैंक के भीतर गिर गया। उसी टुकड़े को निकालने के लिए अजय और करण टैंक के अंदर उतरे। आशंका है कि टैंक में पहले से जमा जहरीली गैस के कारण दोनों का दम घुट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरे थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।









