उद्योग, शिक्षा, सड़क से उज्जैन छू रहा विकास की ऊंचाई- डॉ. यादव

राज्यपाल और सीएम ने सिंहस्थ 2028 के लिए 663 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश और उज्जैन इंफ्रा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। उद्योग, शिक्षा, सड़क, आधुनिक हवाई सेवाएं, मेट्रो रेल का विस्तार प्रदेश में हो रहा है। सीएम मंगलवार को शिप्रा विहार में गीता भवन की आधारशिला और 663 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन कर रहे थे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल, महापौर मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, निगम सभापति कलावती यादव, क्षेत्रीय पार्षद निर्मला करण परमार, भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल भी इस मौके पर उपस्थित थे। सीएम ने कहा कि नववर्ष के पावन मौके पर उज्जैन जिले को सौगात पर सौगात मिल रही है।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 हजार 839 करोड़ रुपए के बदनावर- पेटलावद-थांदला फोरलेन की स्वीकृति दी है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विकास के एक नए अध्याय का सूत्रपात हो रहा है। इन विशाल निर्माण कार्यों और उत्कृष्ट नगरीय सुविधाओं से धार्मिक तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। प्रदेश के नगरीय निकायों में ‘गीता भवन’ बनाने का निर्णय सराहनीय है।
इन कामों का भूमि-पूजन
गीता भवन: 77.14 करोड़ की लागत से 1,00,000 वर्ग फीट में त्रिवेणी विहार योजना में बनेगा। 12,700 वर्ग फीट का आडिटोरियम, 3,600 वर्ग फीट की ई-लाईबे्ररी होगी।
धतरावदा: लालपुर में 473.32 हेक्टयेर में कॉलोनी बनेगी। इसकी लागत 160.39 करोड़ रुपए होगी।
विक्रम नगर रेलवे ओवर ब्रिज: 30.68 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा।
सिंहस्थ 2028 के विकास कार्य होंगे।
हितग्राहियों को लाभ वितरित
एचपीवी नि:शुल्क टीकाकरण करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र दिए गए। इसी तरह दिव्यांग विवाह करने वाले दंपत्ति को प्रोत्साहन राशि दी गई। रोजगार के लिए हितग्राहियों को मुद्रा लोन भी प्रदान किए गए। स्वागत भाषण विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने दिया। आभार भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने माना। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, भाजपा ग्रामीण जिलाअध्यक्ष राजेश धाकड़, समाज सेवी रवि सोलंकी, ओम जैन और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।









