एक दो दिन में रोज पेयजल आपूर्ति की तैयारी

आज एमआईसी में प्रस्ताव पर चर्चा फैसला संभव….
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बजट के 170 से अधिक पन्नों पर भी होंगे सवाल जवाब

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन शहर में रोज पेयजल प्रदाय की व्यवस्था वापस शुरू करने के प्रस्ताव पर आज एमआईसी में फैसला हो सकता है। महापौर मुकेश टटवाल बजट पर बुलाई गई एमआईसी में इसकी स्थिति जानेंगे। निगमायुक्त और पीएचई अधिकारियों से चर्चा कर कोई निर्णय लिया जाएगा। वर्तमान में एक दिन छोड़कर आधे शहर को पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
पीएचई पर रोज पेयजल प्रदाय व्यवस्था शुरू करने का दबाव बढ़ रहा है। इसको लेकर एमआईसी में महापौर परिषद पूरी स्थिति के बारे में जानेगी। हालांकि शुक्रवार से रोज जलप्रदाय करने की संभावना है, लेकिन सीमेंट कांक्रीट का काम करने के बाद पूरी क्षमता से पेयजल प्रदाय करने की स्थिति बनी तो कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। भूखीमाता मंदिर के पास गऊघाट प्लांट की लाइन टूट गई थी। इसे अब डायवर्ट किया गया है।
एमआईसी में बजट को लेकर अधिकारियों की घेराबंदी की जा सकती है। बजट के कई मामलों को लेकर सदस्य नाराज हैं। खर्च हो रही राशि का जवाब अधिकारियों से मांगा जा सकता है। निगम की स्थिति खराब है और संपत्तिकर वसूलने में निगम प्रशासन पीछे है। कई रसूखदार लोग टैक्स ही जमा नहीं कर रहे और निगम अफसर भी सख्ती नहीं कर पा रहे। निगम ने करीब 200 पन्नों का बजट तैयार किया है। एमआईसी एक एक पेज पर अधिकारियों से सवाल जवाब कर रही है। अब तक 50 पन्नों तक ही समीक्षा हो सकी है। गुरुवार दोपहर से एक बार फिर बैठक बुलाई गई और इस पर चर्चा का दौर जारी है।









