करंट लगने से श्रमिक की मौत, परिजनों ने अस्पताल के बाहर किया चक्काजाम

सिंहस्थ के कामों में मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ निर्माण कार्य में जुटे श्रमिक राकेश सूर्यवंशी की मौत से नाराज परिजनों और शिवसेना और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने शनिवार सुबह आगर रोड पर चरक अस्पताल के सामने चक्काजाम कर दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए और नाराजगी जाहिर की। मृत श्रमिक के परिजन संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग कर रहे थे। पीएम रूम परिसर में 1 घंटे तक यह हंगामा चलता रहा। दरअसल, राकेश सूर्यवंशी की शुक्रवार को कोयला फाटक निजातपुरा मार्ग चौड़ीकरण में इलेक्ट्रिक का काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई थी।
दरअसल, सिंहस्थ के सैकड़ों जगहों पर काम चल रहे है , हजारों की संख्या में मजदूर इन कामों को पूरा करने में दिन-रात जुटे है । टाइम लाइन पूरी करने के चक्कर में संबंधित कामों के ठेकेदारों को श्रमिकों की सुरक्षा की परवाह नहीं। कोयला फाटक से निजातपुरा के बीच चल रहे सड़क चौड़ीकरण के दौरान राकेश पिता रामचंद्र सूर्यवंशी निवासी ग्राम खड़ोतिया इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन से पाइप रिपेयरिंग करते समय करंट की चपेट में आ गया था। साथी चरक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्ट्र्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिना सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे श्रमिक: शुरुआती जांच में पता चला कि श्रमिक बिना सुरक्षा उपकरणों के ही काम कर रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि मौके पर पानी फैला था, करंट फैलने की आशंका थी। बावजूद ठेकेदार और सुपरवाइजर उससे काम करवाते रहे।
टीआई की समझाइश पर भी नहीं माने: हंगामे की बात सुन कोतवाली टीआई डीबीएस तोमर पीएम रूम पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी लेकिन वह एफआईआर दर्ज करवाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद नारेबाजी करते हुए चक्काजाम किया। एसडीएम एलएन गर्ग के पहुंचने पर उन्होंने जाम समाप्त किया।









