क्या करें, जब कोई बताए आपकी गलतियां

कोई जब हमारे काम में गलती निकालता है, तो हमें अच्छा नहीं लगता। कभी हम उनकी मंशा पर शक करते हैं, तो कभी अति आत्मविश्वास में उनकी बात ही अनसुनी कर देते हैं। हमारे काम और संबंध दोनों पर इसका बुरा असर पड़ता है। सफलता चाहते हैं, तो दूसरों द्वारा की जा रही आलोचना को फिल्टर करना सीखें।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
कठोर शब्दों पर न जाएं, सीख पर ध्यान दें
कठोर शब्दों का मतलब यह नहीं कि उनके द्वारा दी गई सलाह भी बेकार है। अक्सर हम उस फीडबैक को अनसुना कर देते हैं, जो रूखे ढंग से दी जाती है। यह समझें कि सामने वाला का तरीका भले ही खराब हो, पर उसकी बात काम की हो सकती है। व्यक्ति के व्यवहार और उस बात की उपयोगिता को अलग करके देखें। पहले से राय न बनाते हुए खुले मन से दूसरों की बात सुनें।
अपने बिफरने के कारणों पर विचार करें
अगर आपको आलोचना सुनकर जल्दी गुस्सा या दु:ख होता है, तो सबसेे पहले उसका कारण समझें। यह समझें कि आपको किस बात ने ट्रिगर किया हैै? क्या आप अपनी काबिलियत को लेकर बहुत ज्यादा संवेदनशील हैं? ऐसा तो नहीं आप हर काम या प्रोजेक्ट को अपनी छवि का विषय बना लेते हैं? इन बातों पर विचार करके ही आप ज्यादा समझदारी से प्रतिक्रिया दे पाएंगे।
तुरंत प्रतिक्रिया न दें
खराब फीडबैक मिलने पर गुस्सा, उदासी या घबराहट होना स्वाभाविक है। ऐसी स्थिति में सबसे अच्छा है- तुरंत कुछ न कहना। सामने वाले को कहें, मैं इस पर विचार करके आपसे बात करूंगा। इस तरह आप स्वयं को शांत रखते हुए अपनी बात को पूरा करने में कामयाब रहते हैं। साथ ही सामने वाले की बात पर भी विचार करने का समय मिल जाता है।
समाधान के बारे में पूछें
अगर आपको लग रहा है कि सामने वाला जानबूझ कर तंग कर रहा है या उसकी फीडबैक से कोई समाधान नहीं मिल रहा तो आप बातचीत को उनकी तरफ मोड़ दें, ‘ उनसे कहें, मैं आपकी बात को सही से समझ नहीं पा रहा हूं, कृपया स्पष्टता से बताएं कि मुझे क्या करना चाहिए।’ या फिर, ज्यादा बेहतर होगा कि क्या न करें कि जगह आप बताएं, क्या किया जाना चाहिए।
सीखने के अवसरों की तलाश करें
सबसे खराब फीडबैक भी आपको यह सिखा सकती है कि आपको भविष्य में दूसरों के साथ कैसा व्यवहार नहीं करना है, किस बात से बचना है। अगर यह बार-बार हो रहा है, तो यह ऐसे टॉक्सिक लोगों से कुछ दूरी बनाने का संकेत भी
हो सकता है।
अच्छी सीख के लिए आभार व्यक्त करें
हम अक्सर बुरी यादों को पकड़कर रखते हैं और उन लोगों को भूल जाते हैं, जिन्होंने हमारे भले की बात की थी। अगर किसी की सलाह ने वास्तव में आपका जीवन बदला है, तो उन्हें इसके लिए जरूर धन्यवाद कहें।









