खड़े ट्रक से तीन टायर चुराने वाले दो बदमाश पकड़ाए, साथियों की तलाश

11.50 लाख रुपए का मश्रुका बरामद, जीजा-साले फरार
उज्जैन। पांड्याखेड़ी ब्रिज के पास खड़े ट्रक से डिस्क सहित तीन टायर चोरी करने वाले दो बदमाशों को पंवासा पुलिस ने २४ घंटे में धरदबोचा है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। दरअसल, किशनपुरा में रहने वाले फरियादी असीम कुमार तिलकर ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करते हैं। 4 अप्रैल को वह अपने मैनेजर योगेंद्र चौधरी के साथ पंवासा थाने पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि उनकी गाडिय़ां पांड्याखेड़ी ब्रिज के पास डालडा मैदान में खड़ी रहती हैं।
3 अप्रैल को सुबह मैनेजर ने सूचना दी कि खड़े ट्रक क्र. एमपी 14 एलबी 2277 के तीन टायर (मय डिस्क) चोर चुरा ले गए थे। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर घटनास्थल और उसके आसपास की कबाड़ दुकानों की जांच की। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। इसी बीच सूचना मिली कि गरोठ हाईवे, खिलचीपुर के पास दो संदिग्ध पिकअप में ट्रक के टायर बेचने की फिराक में हैं।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति ने भागने की कोशिश की लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ा, जबकि वाहन चालक को भी गिरफ्त में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मुकीम पिता मुमताज (23) और इरशाद पिता मुमताज (38) निवासी क्षत्री मोहल्ला, घौंसला बताया। उनके कब्जे से तीन टायर और पिकअप जब्त किया गया जिसकी कुल कीमत 11.50 लाख रुपए है। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। उनके खिलाफ राघवी थाने में भी प्रकरण दर्ज हैं।
जीजा-साले फरार : पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो वह टालमटोल कर रहे थे। संदेह पर दोनों से अलग-अलग पूछताछ में रवि उर्फ बेगाना एवं उसके साले हर्ष के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों जीजा-साले फिलहाल फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
देशी कट्टे और कारतूस के साथ पकड़ाया सुपारी कांड का सरगना, जेल भेजा
उज्जैन। मारपीट एवं सुपारी कांड के मुख्य आरोपी को नरवर पुलिस ने देशी कट्टे और 3 जिंदा कारतूस के साथ धरदबोचा है। उसके फरियादी और उसके परिवार के साथ मारपीट करने के लिए 5 लाख की सुपारी दी थी। उसके खिलाफ पहले से ही 18 अपराध दर्ज हैं। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
नरवर पुलिस के मुताबिक 17 दिसंबर 2025 को फरियादी अभिषेक परमार और उसके परिवार के साथ कार रोककर अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की थी। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए बदमाश लाखन, कृष्णा अवतार, रंजीत, अर्जुन एवं विजय गुर्जर निवासी बलाईखेड़ा, थाना भौरासा (देवास) को पकड़ा था।
उन्होंने पूछताछ में बताया कि अजय पिता बाबूलाल परमार निवासी सिलारखेड़ी हालमुकाम महाकाल वाणिज्यिक केंद्र, उज्जैन ने रंजिश के चलते फरियादी एवं उसके परिवार के हाथ-पैर तोडऩे के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी दी थी। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था जिसे मुखबिर की सूचना पर गिरफ्त में लिया। उसके कब्जे से देशी कट्टा एवं 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी अजय के खिलाफ 18 केस दर्ज हैं। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।









