टोल पर की थी तोडफ़ोड़, 6 गिरफ्तार

उज्जैन। उज्जैन-गरोठ रोड नेशनल हाइवे पर 8 मार्च की रात टोल पर बिना टोल दिए कार निकालने की बात पर हुए विवाद में 6 लोगों ने तोडफ़ोड़ की थी। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था जिसके आधार पर पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा है। दरअसल, घट्टिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पानबिहार पुलिस चौकी के गरोठ रोड स्थित तुलाहेड़ा टोल प्लाजा पर 8 मार्च की रात 9 बजे मोहनसिंह चौहान अपनी कार से जा रहे थे। इस दौरान बिना टोल दिए कार निकालने को लेकर उनका विवाद टोल कर्मचारियों से हो गया।

विवाद की खबर लगते ही कुछ लोग आए और लाठी-डंडों से टोल पर जमकर तोडफ़ोड़ की। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें मुंह पर कपड़ा बांधकर और हेलमेट पहने कुछ लोग टोल पर तोडफ़ोड़ करते नजर आ रहे हैं। हमले में टोल के स्टॉपर, कैमरे, कम्प्यूटर सहित अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
दोनों ओर से हुई मारपीट के बाद पुलिस ने क्रॉस कायमी और तोडफ़ोड़ का प्रकरण दर्ज किया था। पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर ने बताया कि मामले में मोहन पिता राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम पिपलियाहामा, थाना भैरवगढ़, देवेंद्र पिता विजेंद्र सिंह निवासी इंदिरानगर चिमनगंज, कुलदीप पिता रामसिंह राजपूत निवासी भ्रमणखेड़ा राघवी, गोपाल पिता सत्यनारायण चौधरी, अरुण पिता तुलसीदास बैरागी और रोहित पिता सोनू चौधरी तीनों निवासी जैथल, थाना घट्टिया को पकड़ा है।









