ट्रेनों में फिर चोरी, सोने की चूडिय़ां और मोबाइल ले उड़े

उज्जैन। ट्रेनों में इन दिनों शातिर चोरों ने धमाल मचा रखा है। पिछले दो दिनों में चोरी की चार अलग-अलग वारदातें सामने आई हैं।
तराना के महात्मा गांधी मार्ग निवासी कृष्णा देवी (75 वर्ष) पति विष्णुदास जाजू, 5 मार्च की सुबह उज्जैन स्टेशन पहुंची थीं। वे इंदौर जाने के लिए नईदिल्ली-डॉ. आंबेडकर नगर में सवार हो रही थीं। महिला ने बताया कि ट्रेन में चढ़ते समय भारी भीड़ थी जिसका फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उनके दाएं हाथ से सोने की दो कीमती चूडिय़ां काट लीं। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया है।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी विनय कुमार (42 वर्ष) रानी कमलापति स्टेशन से चैन्नई-जयपुर एक्सप्रेस पकड़कर महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे। रात होने के कारण वे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के बाहर प्रीपेड बूथ के पास आराम करने लगे। नींद लगते ही चोर ने उनका मोबाइल पार कर दिया। एक अन्य घटना में अशोकनगर निवासी ब्रजेश (25 वर्ष) इंदौर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे।
सफर के दौरान उनकी नींद लग गई और अज्ञात बदमाश ने उनकी पैंट की जेब से मोबाइल निकाल लिया। इंदौर निवासी अनीता विश्वकर्मा (39 वर्ष) 4 मार्च को भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। उज्जैन स्टेशन आने पर जब उनकी नींद खुली, तो उनका लेडिज पर्स गायब था जिसमें मोबाइल और 2500 रुपए नकद रखे थे। जीआरपी उज्जैन इन सभी मामलों में कार्रवाई कर रही है।









