नदी में डूबे युवक का मिला शव

बहनों का आरोप- षड्यंत्रपूर्वक हत्या हुई है, प्रेम त्रिकोण में गई भाई की जान..
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
33 घंटे बाद मिला नदी में डूबे युवक का शव
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:बुधवार रात नृसिंह घाट के पुल से नदी में छलांग लगाने वाला युवक 33 घंटे बाद शुक्रवार सुबह 7 बजे सुनहरी घाट के बड़े पुल के नीचे स्टाप डेम में फंसा मिला। पुलिस और होमगार्ड जवानों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर्स ने मौत की पुष्टि की।
पानी के तेज बहाव के कारण नृसिंह घाट से बहतेे हुए वो बड़े पुल तक पहुंच गया था। जबकि गुरुवार को दिनभर उसकी खोजबीन रामघाट की छोटी रपट तक की जा रही थी। उसकी जेब से पुलिस ने मोबाइल फोन और बाइक की चाबी बरामद की है। युवक ने आत्महत्या क्यों की इसके कारणों की जाच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया यह प्रेम त्रिकोण का मामला बताया जा रहा है हालांकि मृतक की बहनों ने षड्यंत्र पूर्वक भाई की हत्या करने का कुछ लोगों पर आरोप भी लगाया है। पुलिस ने बताया शुक्रवार सुबह 7 बजे यश पिता श्याम सुंदर सिसौदिया का शव सुनहरी घाट स्थित बडे पुल के नीचे से बरामद किया है। उसकी जेब से मोबाइल और बाइक की चाबी जब्त की है।
पंचनामे के बाद पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया । प्रेम त्रिकोण में यश द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आ रही हैं। जिस रात यश ने नदी से छलांग लगाई थी उसी रात वेदनगर की रहने वाली युवती ने भी फिनाइल की गोली खाकर सुसाइड का प्रयास किया था। इसी युवती से यश के प्रेम संबंध होना बताया जा रहा है।
इसके अलावा यश का साथी सौरभ का नाम भी सामने आया है जिसकी वेदनगर की युवती से दोस्ती थी। इस पूरे मामले में यश की बहनों ने आरोप लगाया है कि भाई ने आत्महत्या नहीं की षड्यंत्र पूर्वक उसकी हत्या की गई है।
यश जिस लड़की से बात करता था वो पहले सौरभ से बात करती थी
यश की बहनों ने बताया कि यश वेदनगर की जिस लड़की से बात करता था। वो यश से पहले वेदनगर के रहने वाले यश के दोस्त सौरभ से बात करती थी। सौरभ से संबंध खत्म कर उसकी नजदीकियां यश से बढ़ गई थी। सौरभ और यश दोनों पुराने दोस्त हैं लेकिन इसी लड़की को लेकर दोनों बीच मनमुटाव हो गया था। कुछ समय से वेदनगर की लड़की वापस सौरभ के संपर्क में आ गई और बातचीत शुरू कर दी। इस बारे में यश को पता चला तो दोनों बीच विवाद हुआ। मृत्यु से आधे घंटे पहले यश की सौरभ से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया।
लड़की ने सौरभ को फोन पर कहा, यश को देखो वो कुछ कर ना ले
यश ने बुधवार रात 9:45 बजे नदी से छलांग लगाई थी। इसके करीब आधे घंटे पहले सौरभ से उसकी बातचीत हुई थी। सौरभ ने अक्षरविश्व को बताया कि कुछ दिनों से उसके दोस्त यश और वेदनगर की लड़की दोनों से उसकी बातचीत बंद थी। कुछ दिनों पहले ही वापस बात करना शुरू किया था।
घटना वाले दिन यश से फोन पर बात हुई और हम बैठकर बातचीत करने वाले थे- सौरभ ने बताया कि रात को उससे फोन पर बात होने के बाद उक्त लड़की का फोन आया और उसने कहा कि यश को देख लो वो नदी की तरफ गया है कहीं कुछ कर ना ले।
शिप्रा नदी से युवक का शव मिला है मर्ग पंजीबद्ध कर मामले में हर दृष्टि से विवेचना की जाएगी। -गगन बादल, टीआई जीवाजीगंज