पुजारी-पुरोहितों के लिए अलग रास्ता, गेट नंबर 13 से करेंगे प्रवेश

महाशिवरात्रि की महातैयारी… पुजारी-पुरोहितों के साथ प्रशासक ने की मीटिंग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गई हैं। एक दिन पहले अधिकारियों के साथ बैठक लेकर दर्शन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपने के बाद गुरुवार को मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने पुजारी एवं पुरोहितों के साथ बैठक की। इसमें महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और मंदिर की आंतरिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।
यह व्यवस्थाएं भी निर्धारित की
पूजन व्यवस्था- महाशिवराात्रि पर्व पर पूजन कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा ना आए, इसके लिए पुजारियों के आने-जाने के लिए अलग रास्ता निर्धारित किया है।
प्रवेश द्वार- पुजारी और पुरोहितों के मंदिर में प्रवेश के लिए गेट नंबर 13 को निर्धारित किया ताकि वे समय पर और बिना किसी असुविधा के मंदिर परिसर में पहुंच सकें।
पूजन सामग्री- पूजन सामग्री को मंदिर में लाने की व्यवस्था को भी सरल बनाया है ताकि अभिषेक व अन्य धार्मिक अनुष्ठान बिना रुकावट चलते रहें।
भोज व्यवस्था- महाशिवरात्रि के बाद होने वाले भोज (प्रसादी) के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए ताकि वहां भी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।
इधर, हेल्थ कैम्प में की जांच
इधर, विश्व कैंसर दिवस पर गुरुवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर के मानसरोवर भवन स्थित प्राथमिक चिकित्सा केंद्र मेें फ्री हेल्थ कैम्प लगाया गया। प्रभारी चिकित्सक डॉ. देवेंद्र परमार ने बताया कि कैम्प में स्पेशलिस्ट डॉक्ट्र्स ने मंदिर के अधिकारी-कर्मचारियों की जांच की। इस दौरान मुख्य रूप से मुख कैंसर की स्क्रीनिंग, दंत संबंधी परामर्श, शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। कैम्प में डॉ. अनुज व्यास, डॉ. वंशिका भट्ट (डेंटिस्ट), डॉ. सचिन ठाकुर, विलास भौंसले, योगेंद्र सिंह, जतिन चौरे और उनकी टीम ने सेवाएं दीं।









