पुल की रैलिंग से टकराई स्कूटी, एक मृत, दूसरा घायल

उज्जैन। फ्रीगंज घासमंडी से हीरामिल की चाल की ओर जाने वाले जीरो पाइंट ब्रिज पर मंगलवार रात हादसा हो गया है। करीब 10 बजे इस ब्रिज पर मिल की चाल वाले हिस्से में स्कूटी सवार दो युवक जख्मी हालत में मिले, इनमें से एक की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर घायल है। आशंका है कि पुल पर लगी रैलिंग से स्कूटी टकराई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मृतक का नाम सूरज पिता प्रदीप अग्निहोत्री (23) है। वह पंवासा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की मल्टी में रहता था। सूरज के साथ दोस्त अंकित पिता पप्पू संगत (20) निवासी महर्षि वाल्मीकि कॉलोनी भी था। उसे जबड़े में चोट लगी है। दोनों डिलेवरी बॉय का काम करते हंै। अंकित और सूरज दोनों के ही एक दोस्त की मंगलवार को शादी थी। आगर रोड मकोडिय़ाआम नाका पर शादी में शामिल होने के बाद स्कूटी पर सवार होकर फ्रीगंज की ओर जाने के लिए निकले थे। जीरो पॉइंट ब्रिज पर दुर्घटना का शिकार हो गए। स्कूटी रैलिंग से टकराई या किसी अन्य वाहन ने इन्हें टक्कर मारी यह फिलहाल साफ नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दोनों स्कूटी सवारों ने शराब पी रखी थी, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट से हो सकेगी। बुधवार सुबह जिला अस्पताल में सूरज के शव का पोस्टमार्टम किया गया। देवासगेट पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल
अंकित और सूरज दोनों ही जीरो पॉइंट ब्रिज पर घायल अवस्था में पड़े थे, इसी बीच जीवाजीगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिय़ा का पुल से गुजरना हुआ। कनोडिय़ा ने गाड़ी रोकी और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने ही देवासगेट पुलिस को घटना की जानकारी दी।
दुर्घटनाओं में चार लोग घायल भी हुए
मंगलवार को ही शहर में अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग जख्मी हुए हैं। बडऩगर रोड पर राजा पिता अब्दुल करीम (23) को रांग साइड चल रहे एक चौपहिया वाहन ने चपेट में ले लिया। राजा बडऩगर रोड स्थित कब्रिस्तान पर शब-ए-बरात की जियारत करने जा रहा था। दूसरी घटना दताना रोड की है। ऑटो चालक नागझिरी निवासी आनंद पिता सुरेश (28) बाइक से देवास की ओर जा रहा था। गाड़ी के सामने एकाएक मवेशी आ जाने से वह नीचे गिर पड़ा और घायल हो गया।
तीसरी घटना जूना सोमवारिया की है। बडऩगर रोड स्थित खेमासा निवासी विक्रम पिता बाबूलाल (50) बाइक से मंडी से गांव जाने के लिए निकले थे। जूना सोमवारिया में एक ऑटो चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। विक्रम को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। चौथी घटना पिपलीनाका के पास गुमानदेव हनुमान मंदिर के नजदीक हुई। बहादुर पिता प्रभुलाल सूर्यवंशी (45) यहां रहने वाले भाई अशोक से मिलने जा रहे थे। गुमानदेव मंदिर के पास इनकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। गंभीर घायल बहादुर सूर्यवंशी को जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।









