फॉर्मासिस्ट के घर काम करने वाली महिला ने चुराया मंगलसूत्र

15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र बरामद, पुलिस ने किया गिरफ्तार

एक दिन के रिमांड पर लिया, पहले भी चुराई थी अंगूठी, इंदौर में बेची थी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीलगंगा पुलिस ने घरेलू काम करने वाली महिला को चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। उसके पास से 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया गया है। उसने पहले भी अंगूठी चुराई थी जिसे इंदौर में बेचा। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस टीम उसे लेकर इंदौर पहुंची थी जहां से अंगूठी बरामद कर ली गई है।
नीलगंगा पुलिस ने बताया कि 10 मार्च को फरियादिया स्वाति पति दीपक मिश्रा निवासी गिरिराज हेरिटेज माधव क्लब रोड ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह सिविल हॉस्पिटल में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत है। 15 फरवरी को रात करीब 11 बजे उसने अपना सोने का 15ग्राम वजनी मंगलसूत्र ड्रेसिंग रूम की दराज में रखा था। 7 मार्च को रात करीब ९ बजे मंगलसूत्र नहीं मिला। घर में अन्य जगह ढूंढने पर भी कुछ पता नहीं चला। फरियादिया के अनुसार उसके घर में घरेलू कार्य के लिए नवंबर 2025 से वर्षा पांडे निवासी महालक्ष्मी नगर (नागझिरी) आती है, इसके अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति का आना-जाना नहीं है। दिसंबर 2025 में सोने की 8 ग्राम की अंगूठी भी इसी तरह चोरी हो गई थी लेकिन तब उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूली वारदात
जांच के दौरान फरियादिया द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर उनके घर में काम करने वाली वर्षा पति स्व. ब्रजेश पांडे (38) निवासी महालक्ष्मी नगर संदेह के आधार पर राउंडअप कर पूछताछ की गई। इस दौरान वर्षा पांडे ने सोने का मंगलसूत्र चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से मंगलसूत्र भी जब्त किया गया। उसने अंगूठी चुराना भी स्वीकार किया।
इंदौर से अंगूठी बरामद
पुलिस ने बताया आरोपिया वर्षा पांडे को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पहले भी सोने की अंगूठी उसी ने चुराई थी जिसे इंदौर में बेचा था। पुलिस टीम उसे अंगूठी की बरामदगी के लिए इंदौर लेकर गई थी जहां से अंगूठी बरामद कर ली गई है। गुरुवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे फिर कोर्ट में पेश करेंगे।









