Advertisement

महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में आठ लाख ने दर्शन किए, भांग भी जमकर छनी

उज्जैन। भगवान महाकालेश्वर के आंगन में इस वर्ष महाशिवरात्रि पर देशभर से आए करीब 8 लाख से अधिक दर्शनार्थी पहुंचे। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, 44 घंटों तक 8 लाख 6 हजार 545 लोगों ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, दर्शन की यह व्यवस्था 15 फरवरी को तड़के 2.30 बजे पट खुलने के साथ शुरू हुई थी, जो अगले दिन 16 फरवरी को रात 11 बजे शयन आरती के बाद पट मंगल होने तक निर्बाध रूप से जारी रही। सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिय़ा ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन 15 फरवरी को सबसे अधिक 5 लाख 78 हजार 943 श्रद्धालु उमड़े, जबकि 16 फरवरी को 2 लाख 27 हजार 602 भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। भारी भीड़ के बावजूद पट लगातार खुले रहने से दर्शनार्थियों को सुगमता हुई और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रही। 16 फरवरी की रात शयन आरती के साथ ही महाशिवरात्रि के विशेष अनुष्ठानों का समापन हुआ और मंदिर के पट विश्राम के लिए बंद किए गए।

2027 में 6 मार्च को महाशिवरात्रि

Advertisement

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 2027 में महाशिवरात्रि 6 मार्च को मनाई जाएगी। फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 6 मार्च दोपहर 12.04 बजे से होगी, जो 7 मार्च दोपहर 1.48 बजे तक रहेगी। पूजन काल 7 मार्च की रात 12.26 से 1.15 बजे तक रहेगा, जो साधना के लिए श्रेष्ठ माना जाता है। श्रद्धालुओं के लिए व्रत खोलने का समय 7 मार्च को सुबह 6.56 से दोपहर 1.48 बजे के बीच रहेगा।

शिव बूटी ने भी बनाया रिकॉर्ड 15 गुना बढ़ी भांग की बिक्री

Advertisement

महाशिवरात्रि पर सिर्फ आस्था का सैलाब ही नहीं उमड़ा, बल्कि शिव बूटी (भांग) के बाजार ने भी रिकॉर्ड तोड़ दिए। आबकारी विभाग और स्थानीय दुकानदारों के अनुमान के मुताबिक, पर्व के दौरान भांग की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले 10 से 15 गुना तक बढ़ गई। आलम यह रहा कि जहाँ आम दिनों में जिले भर में 30-35 किलो भांग बिकती है, वहीं शिवरात्रि पर अकेले मुख्य दुकानों की खपत ही कई गुना बढ़ गई। महाकाल मंदिर के पास स्थित दुकान पर आम दिनों में 5 किलो भांग बिकती है, जो पर्व पर बढ़कर 50 किलो तक पहुुंच गई। यही हाल छत्री चौक, फ्रीगंज और नानाखेड़ा की दुकानों का भी रहा। भांग खाने से कई लोग बीमार भी हुए। जिला अस्पताल में ५ और मंदिर कैंपस में लगे स्वास्थ्य केंद्रों पर कई लोगों का इलाज किया गया।

वारदात करने आई बिहार, यूपी और दिल्ली की गैंग के 15 सदस्य पकड़ाए

भीड़ के बीच देशभर के शातिर जेबकतरों की गिरोह भी महाशिवरात्रि पर उज्जैन में सक्रिय थी। पुलिस की मुस्तैदी ने इन बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। सादी वर्दी में तैनात पुलिस टीम ने मौके से 15 से अधिक महिला और पुरुष बदमाशों को दबोचा है। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के हैं। भीड़ का लाभ उठाकर चोरी करने वाले बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस ने पहले ही रणनीति तैयार कर ली थी।

मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात किए गए थे। महाकाल पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह शहर में पूर्व में हुए आयोजनों में भी सक्रिय रहा होगा। पुलिस के अनुसार, शिवरात्रि पर्व के दौरान करीब एक दर्जन श्रद्धालुओं ने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।

Related Articles

Write a review