यशवंत क्लब के मैनेजर सहित कई आयोजकों पर प्रकरण दर्ज

शहर में पुलिस का ‘ऑपरेशन शोरगुल’…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर में ध्वनि प्रदूषण और तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने एक साथ कई बड़ी कार्रवाइयां कीं। तुकोगंज, कनाडिय़ा और भंवरकुआं क्षेत्रों में चली इस मुहिम के तहत प्रतिष्ठित क्लबों से लेकर फार्म हाउस और कॉलेजों तक पर गाज गिरी है। पुलिस ने न केवल डीजे बंद कराए, बल्कि जिम्मेदार मैनेजरों और आयोजकों पर केस भी दर्ज किए हैं।
तुकोगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के प्रतिष्ठित यशवंत क्लब में तेज आवाज में संगीत बज रहा था। तेज शोर से परेशान आसपास के रहवासियों ने जब इसकी शिकायत पुलिस से की, तो तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां तीन बड़े स्पीकर नियमों को ताक पर रखकर बजाए जा रहे थे। पुलिस ने यशवंत क्लब के मैनेजर मजहर खान सहित पांच आयोजकों—तेजवीर खान, हेमंत बिजोरे, स्वराज पाठक और चंचल वर्मा के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया है।
भंवरकुआं पुलिस ने शिक्षा संस्थानों पर भी कड़ी नजर रखी। महाराजा रंजीत सिंह कॉलेज में बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के ‘फाग उत्सव’ का बड़ा आयोजन किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इस कार्यक्रम की जानकारी न तो स्थानीय थाने को दी गई थी और न ही वरिष्ठ अधिकारियों से इसकी परमिशन ली गई थी। नियमों की अनदेखी के चलते पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद निघोजकर को इस मामले में आरोपी बनाया है। इंदौर पुलिस ने साफ कर दिया है कि रात के समय निर्धारित डेसीबल से अधिक आवाज में संगीत बजाना और बिना अनुमति के बड़े आयोजन करना कानूनी अपराध है।
जंजीर वाला चौराहा… शादी की खुशियों में नियमों का उल्लंघन
सिर्फ क्लब ही नहीं, पलासिया क्षेत्र के जंजीर वाला चौराहे पर भी एक शादी समारोह में मर्यादा से बाहर जाकर डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमों के उल्लंघन के आरोप में डीजे संचालक अमित बागरे (निवासी न्यू पलासिया) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शादी हो या कोई अन्य आयोजन, ध्वनि प्रदूषण के मानकों का पालन अनिवार्य है।
बिचौली हप्सी… फार्म हाउस में हुक्का पार्टी और डीजे पर छापा
कनाडिय़ा थाना पुलिस ने बिचौली हप्सी स्थित मित्तल फार्म हाउस में चल रही एक हाई-प्रोफाइल पार्टी पर दबिश दी। यहां न केवल तेज आवाज में डीजे बज रहा था, बल्कि हुक्का पार्टी का आयोजन भी किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से डीजे को जब्त कर लिया और आयोजक पंकज नागर (निवासी सुदर्शन सिटी) के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









