युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

अविवाहित था, पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। धार के ग्राम सनोली का रहने वाले युवक की मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह खिलौने की दुकान लगाता था और घर से मेले में खिलौने की दुकान लगाने का बोलकर निकला था।
मृतक का नाम अमित पिता हरिराम राठौर (२१) निवासी ग्राम सनोली, धार है। उसके बड़े भाई अजय राठौर ने बताया कि वह खिलौने की दुकान लगाता था। ९ फरवरी को वह घर से गांव के पास ही मेले में दुकान लगाने का बोलकर निकला था।
मंगलवार रात करीब ११ बजे पंवासा पुलिस से सूचना मिली कि वह ट्रेन की चपेट में आ गया है जिससे उसकी मौत हो गई है। बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। वह ट्रेन की चपेट में कैसे आया, इसकी जानकारी नहीं है। मृतक अविवाहित था और चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
शादी से लौटे रहे पिता-पुत्र घायल
उज्जैन। इंगोरिया में आमने-सामने की बाइक भिड़ंत में शादी से लौट रहे पिता-पुत्र घायल हो गए जिन्हें चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल राकेश पिता राजाराम (३५) निवासी दंगवाड़ा ने बताया कि वह अपने पिता राजाराम और बेटी अनुष्का के साथ बाइक से चंदूखेड़ी विवाह समारोह में शामिल होने गए थे।
वहां से लौटते वक्त इंगोरिया में सामने से बाइक से आ रहे अजय पिता जस्सू भाई निवासी गुजरात और उसके साथी सोनू के साथ उनकी भिड़ंत हो गई जिसमें राकेश और उसके पिता राजाराम घायल हो गए, जबकि बेटी अनुष्का को चोट नहीं आई। दोनों घायल चरक अस्पताल में भर्ती हैं।









