संभागायुक्त बोले- हर दिन की अहमियत, अब देरी बर्दाश्त नहीं

सिंहस्थ महापर्व की महातैयारी… उज्जैन-इंदौर और उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड की डेडलाइन तय
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 महापर्व की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसी कड़ी में संभागायुक्त आशीष सिंह ने गुरुवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में हुई एमपीआरडीसी की समीक्षा बैठक में उज्जैन-इंदौर और उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड मार्गों सहित कई बड़े प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन तय कर दी। अधिकारियों को तय समय में काम पूरा करने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब हर दिन की अहमियत है और किसी भी परियोजना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा निर्माण कार्यों की ड्राइंग और डिजाइन प्रक्रिया तुरंत पूरी की जाए और स्ट्रक्चर संबंधी काम शुरू किया जाए।
यह भी तय किया है कि 1 अप्रैल से हरिफाटक ब्रिज और उज्जैन-इंदौर ग्रीनफील्ड रोड का काम शुरू होगा। इसके लिए किसानों को मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया ताकि भूमि संबंधी विवाद निर्माण में बाधा न बनें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ-2028 से पहले सभी जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार करना है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा में काम पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड की राशि वितरण का काम तत्काल शुरू करवाने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
इन बड़े प्रोजेक्ट्स की समयसीमा तय
संभागायुक्त आशीष सिंह ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को कई बड़ी परियोजनाओं की डेडलाइन तय की। इसमें उज्जैन-इंदौर के बीच 48 किमी के निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड के लिए 31 अक्टूबर 2027, ९८ किमी के उज्जैन-जावरा बायपास मार्ग निर्माण के लिए 30 नवंबर 2027, सिंहस्थ बायपास के लिए 30 जुलाई 2027, हरिफाटक ब्रिज के लिए 15 जून 2027 और मक्सी रोड के लिए 30 जून 2027 तक की समयसीमा निर्धारित की गई।
मोबाइल पर दी जानकारी
बैठक के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह ने नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी को मोबाइल पर कॉल किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 के लिए महत्वपूर्ण कामों की अब अब समयसीमा निर्धारित कर दी गई है।









