सामान लेने के बहाने आया और छेड़छाड़ कर भाग गया

नाबालिग बालिका को जान से मारने की धमकी दी, 24 घंटे के अंदर पकड़ाया, जेल भेजा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। माकड़ौन थाना के क्षेत्र के ग्राम ओरंगपुर में सामान लेने के बहाने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ कर उसे जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्त में ले लिया। जिसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि ग्राम ओरंगपुर की रहने वाले नाबालिग फरियादिया ने परिजनों के साथ माकड़ौन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि 26 फरवरी को दोपहर करीब 12.30 बजे वह अपने घर स्थित किराना दुकान पर अकेली बैठी थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला अशोक पिता गोवर्धन मालवीय सामान लेने के बहाने जबर्दस्ती दुकान में घुसा और फरियादिया के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। फरियादिया ने शोर मचाया तो उसके परिजन पहुंच गए लेकिन अशोक मालवीय भाग निकला।
जाते-जाते उसने घटना की जानकारी किसी को भी देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नाबालिग ने परिजनों को जानकारी दी जिसके बाद वह पुलिस की मदद लेने थाने पहुंचे। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। टीआई प्रदीप सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी अशोक मालवीय को धरदबोचा। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।










