इंदौर :BJP महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव की जीत

इंदौर की प्रतीक्षा पूरी हुई। इंदौर शहर ने अपने नए मित्र अर्थात महापौर के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पुष्यमित्र भार्गव को चुन लिया। करीब दो वर्ष तक प्रतिनिधियों की उपस्थिति के बिना और प्रशासक के भरोसे चली नगर निगम परिषद को अब नया नेतृत्व मिल गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

स्वच्छता में देश में पांच बार अव्वल आने के बाद जिस इंदौर के नगर निगम पर देश की नजर थी, उसमें भाजपा को स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। जनता ने बिना किसी असमंजस के, फिर से नगर सरकार की सत्ता पर भाजपा को बैठा दिया। भाजपा के प्रत्याशी बने पुष्यमित्र भार्गव ने जोरदार जीत हासिल की है।

उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला को एक लाख 33 हजार 497 मतों के अंतर से हराया। डाक मतपत्रों में से भी भार्गव को 1337 तो शुक्ला को 797 मत मिले।

ईवीएम और डाक मतपत्रों के मतों की गणना के अनुसार भाजपा प्रत्याशी को पांच लाख 93 हजार 856 और कांग्रेस प्रत्याशी को चार लाख 60 हजार 359 मत मिले। तीसरे नंबर पर आप प्रत्याशी कमल गुप्ता रहे, जिन्हें 9152 वोट मिले, जबकि नोटा में 6048 मत पड़े।

भार्गव ने हर राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी से बढ़त बनाई। केवल अंतिम और 32वां राउंड ही ऐसा रहा, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी शुक्ला ने 126 मत की बढ़त ली, पर तब तक भार्गव मतों का पहाड़ खड़ा कर चुके थे। इसके आगे शुक्ला की बढ़त बहुत बौनी थी।

Related Articles