खजराना मंदिर के पुजारी परिवार में ‘दहेज कांड’

1 करोड़ रु.,फॉर्चयूनर मांगने का आरोप

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के पुजारी परिवार की आंतरिक कलह अब पुलिस कमिश्नर के दरबार तक जा पहुंची है। परिवार की बहू इंदिरा भट्ट ने अपने पति पुनीत भट्ट और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर 1 करोड़ रुपये नकद और फॉ्रचर््यूनर कार की मांग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़ता का कहना है कि उसे न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया, बल्कि बंधक बनाकर भूखा भी रखा गया।
इंदिरा के मुताबिक, उनका विवाह 17 मई 2025 को हुआ था। शुरुआत में सब ठीक रहा, लेकिन जुलाई के बाद ससुराल वालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। आरोप है कि पति, सास, ननंद और देवरों ने मिलकर उन पर मायके से मोटी रकम लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इंदिरा का दावा है कि उन्हें घर के भीतर ही कैद कर दिया जाता था और कई बार भोजन तक नहीं दिया जाता था। उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए नौकरी करने पर भी पाबंदी लगा दी गई थी।
शिकायत पत्र में एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए इंदिरा ने बताया कि उनके पति की अपनी कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने भतीजे उदित को गोद लिया था। जैसे ही जुलाई 2025 में यह खबर आई कि उदित की पत्नी गर्भवती है, ससुराल वालों का रवैया और भी कू्रर हो गया। आरोप है कि इसके बाद 1 करोड़ की डिमांड तेज कर दी गई और सितंबर में मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। फिलहाल, पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।









