उज्जैन:गंगा दशमी पर संतों की पेशवाई निकली, सिंहस्थ जैसा दिखा नजारा

By AV NEWS

गंगा दशहरा पर साधु-संतों ने पेशवाई में लहराई आस्था की पताका, सरोवर में किया शाही स्नान

शाम को मां शिप्रा को चुनर अर्पित करेंगे

उज्जैन।आज सुबह से शाम तक गंगा दशहरा पर्व का उल्लास छाया रहेगा। सुबह में बड़ी संख्या में लोग मां शिप्रा में स्नान के लिए पहुंचे। शाम को चुनर अर्पण की जाएगी।

ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा पर सुबह में जहां संतों की पेशवाई निकली और शाही स्नान नीलगंगा सरोवर में किया। आज लघु सिंहस्थ का नजारा दिखाई दे रहा था। दिनभर विविध धार्मिक आयोजनों का सिलसिला सतत चलेगा।

श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा घाट नीलगंगा पर सुबह देशभर से आए संत महंतों का शाही स्नान हुआ। शाम को नीलगंगा सरोवर स्थित मां नीलगंगा का पंचामृत अभिषेक कर महाआरती की जाएगी। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायणगिरी महाराज ने बताया कि जूना अखाड़ा द्वारा 2017 से लगातार नीलगंगा घाट पर गंगा दशहरा पर्व मनाया जा रहा है।

जूना अखाड़ा के मुख्य संरक्षक और अभा अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरिगिरि महाराज के सानिध्य में जूना अखाड़ा के साधु संतों, महामंडलेश्वर सहित भक्तों ने नीलगंगा सरोवर में शाही स्नान किया।

सिहंस्थ पड़ाव स्थल नीलगंगा से पेशवाई निकाली जो नीलगंगा चौराहा होते हुए जूना अखाड़ा घाट पहुंची, यहां जूना अखाड़ा नीलगंगा के देवता का स्नान विधि विधान से किया। हरियाणा से आए जंगम जोगी बाबाओं द्वारा शिव स्तुति एवं निनाद नृत्य अकादमी की बालिकाओं द्वारा गंगा स्तुति की प्रस्तुतियां शाम को दी जाएगी।

नीलगंगा सरोवर में गंगा पूजन के बाद शाम को मां नीलगंगा को 108 फीट की चुनरी अर्पण की जाएगी। वहीं आतिशबाजी के साथ महाआरती का आयोजन होगा।

यहां भी गंगा उत्सव के आयोजन

गायत्री शक्तिपीठ पर गायत्री जयंती, गंगा दशहरा पर दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। समूह साधना के बाद दीपयज्ञ किया गया।

श्री अवंतिका महाकाल युवा तीर्थ पुरोहित समिति अध्यक्ष अजय जोशी कुंडवाला ने बताया कि गंगा दशमी के दिन मां गंगा धरती पर पधारी थी।

भागीरथ की तपस्या से मां गंगा धरती पर आई और उनके पूर्वजों का उद्धार किया। गंगा मां पापों को नष्ट करती है। शाम 6 बजे मां शिप्रा का दुग्धाभिषेक कर श्रृंगार सामग्री अर्पित की जाएगी

यश पंड्या ने बताया कि श्री मार्कंण्डेश्वर महादेव मंदिर मृत्युंजय आश्रम विष्णु सागर पर बुधवार से 24 घंटे की अखंड रामधुन प्रारंभ की गई।

गुरुवार को प्रात: 7 बजे श्री महादेव और नृत्याकार हनुमानजी का गंगाजल से महाअभिषेक पूजन और चोला श्रृंगार किया। शाम को गंगा अवतरण महाआरती की जाएगी।

15 दिन का गंगा दशहरा महोत्सव

शिप्रा तट पर 15 दिन तक गंगा दशहरा महोत्सव मनाया जाता है आज इसका समापन  हो रहा है। रामघाट पर मुख्य आयोजन होता है। यहां पर विराजित मां गंगा की प्रतिमा पर पूजन-अभिषेक के बाद मोक्षदायिनी शिप्रा नदी को शाम को सुहाग सामग्री और चुनरी अर्पित की जाएगी। मा

न्यता है कि दशमी तिथि पर ही मां गंगा धरती पर अवतरित होकर आई थी। इसलिए गंगा दशमी पर बड़े पैमाने पर आयोजन किए जाते है। वहीं यहां पर गंगा कुंड भी जहां पर भी बड़ी संख्या में धर्मालुजन पूजन के जा रहे हैं।

Share This Article