Advertisement

किसानों को सब्सिडी पर मिलेंगे 7.5 एचपी के ही सोलर पंप

90 प्रतिशत अनुदान पर 10 एचपी का सोलर पंप देने की हो रही तैयारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के तहत प्रदेश के किसानों को सब्सिडी पर फिलहाल 7.5 एचपी क्षमता के सोलर पंप ही मिलेंगे। 10 एचपी सोलर पंप कनेक्शन को लेकर सरकार की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला का कहना है कि मुख्यमंत्री से इस विषय पर अलग-अलग चरणों में चर्चा चल रही है।

बता दें कि 28 जून 2025 को भिंड के दंदरौआधाम में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना पोर्टल का शुभारंभ करते हुए किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर 10 एचपी का सोलर पंप देने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक प्रदेश में 10 एचपी पंप कनेक्शन को लेकर कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं। प्रदेश में 60 हजार से अधिक और भिंड जिले में करीब 350 किसानों ने 10 एचपी सोलर पंप के लिए आवेदन किया था। बाद में योजना के पोर्टल से 10 एचपी का विकल्प हटा दिया गया।

Advertisement

इसके पश्चात सरकार ने प्रदेशभर में 7.5 एचपी सोलर पंप के लिए टेंडर जारी कर दिए। टेंडर जारी होने के बाद निजी कंपनियों ने उन किसानों से संपर्क करना शुरू कर दिया, जिन्होंने 10 एचपी पंप के लिए आवेदन किया था। किसानों से कहा गया कि फिलहाल सरकार केवल 7.5 एचपी का सोलर पंप उपलब्ध करा रही है, इसलिए वे अपना आवेदन 10 एचपी से 7.5 एचपी में कनवर्ट करा लें। बताया जा रहा है कि लगभग 200 किसानों ने अपना आवेदन परिवर्तित करा लिया है, जबकि शेष किसान अब भी 10 एचपी कनेक्शन की प्रतीक्षा में हैं।

7.5 एचपी और 10 एचपी में अंतर

Advertisement

10 एचपी के सोलर पंप पर लगभग छह लाख रुपये तक का खर्च आता है, जिसमें से अनुदान के बाद किसान को लगभग 58 से 60 हजार रुपये का अंशदान करना होता था। वहीं 7.5 एचपी पंप पर सरकार का वित्तीय भार अपेक्षाकृत कम आता है। किसानों के अनुसार 10 एचपी पंप में पानी का प्रेशर बेहतर मिलता है, जिससे सिंचाई में सुविधा रहती है। जबकि 7.5 एचपी पंप में पानी का दबाव अपेक्षाकृत कम रहता है, जिससे बड़े रकबे की सिंचाई प्रभावित हो सकती है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला का कहना है कि मुख्यमंत्री से हुई चर्चा में यह सामने आया है कि 7.5 एचपी सोलर पंप पर्याप्त हैं। 10 एचपी सोलर पंप योजना को अलग-अलग चरणों में शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि पहले उन किसानों को योजना से जोड़ा जाए, जिनके पास बिजली कनेक्शन नहीं है। इसके बाद अन्य श्रेणी के किसानों पर विचार किया जाएगा। सुझाव सामने आया कि किसान को बिजली या सोलर-दोनों में से केवल एक ही कनेक्शन दिया जाए। जिन किसानों ने 10 एचपी सोलर पंप के लिए आवेदन किया है, उनके पैसे वापस करने या आगामी चरणों में लाभ देने पर विचार किया जा रहा है।

Related Articles

Write a review